आगरालीक्स…उत्तर प्रदेश ने जूनियर नेशनल हैमर बॉल प्रतियोगिता का दोहरा खिताब जीता, लड़कियों के बाद लड़कों ने भी ट्राफी कब्जाई
आगरा में उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रथम जूनियर नेशनल हैमर बॉल प्रतियोगिता का दोहरा खिताब जीत लिया है। एक दिन पहले बालिका वर्ग का खिताब जीतने के बाद रविवार को बालक वर्ग के फाइनल में भी उत्तर प्रदेश विजेता बना। विजेता बनने पर उत्तर प्रदेश की दोनों टीमों को चमचमाती हुई ट्राफी प्रदान की गई।
आगरा कैंट स्थित गोवर्धन स्टेडियम में 27 से 29 दिसंबर तक प्रथम राष्ट्रीय जूनियर हैमर बॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बालिका वर्ग का फाइनल शनिवार को उत्तर प्रदेश ने जीत लिया था। रविवार को बालक वर्ग में दोनों सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबला खेला गया।
आयोजन से जुड़े रविन्द्र कपिल ने बताया कि पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को संघर्षपूर्ण मुकाबले में पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच मुकाबला हुआ। मैच को मध्य प्रदेश ने जीता और फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को आसानी से 5 विकेट से हराकर विजेता ट्राफी अपने नाम की। मध्य प्रदेश को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र और उत्तराखंड तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रेलवे के पूर्व रणजी खिलाड़ी संदीप यादव, उत्तर प्रदेश हैमर बॉल संघ के अध्यक्ष मुशाहिद खान व भारतीय हैमर बॉल संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संतोष श्रीवातव ने अतिथियों का स्वागत किया। निर्णायक दीपक श्रीवास्तव, अशोक सिंह, मुर्शीद खान, आरती, अलका, राकेश सिंह, पूर्ण चंद शर्मा थे। इस दौरान जोगिंदर देव आर्य, अनिल सहारे, आशिक रसूल, जसवीर सिंह उपस्थित रहे।