मथुरालीक्स…बरसाना में रोका गया रोपवे का संचालन. खराबी के बाद आई इंजीनियरों की टीम. 8 से 10 दिन का समय लग सकता है. कंपनी के निदेशक सहित कई पर मुकदमा. ब्रेक फेल होने पर टकराई थी ट्रॉलियां, हवा में लटक गए थे श्रद्धालु
बरसाना में रोपवे में आई खराबी के बाद इसका संचालन रोक दिया गया है. रुड़की से इंजीनियरों की एक टीम यहां भेजी गई है जो कि तकनीकी खामी की जांच कर रही है. अभी ट्रायल के तौर पर खाली ट्रॉलियों का संचालन किया गया है, हालांकि आम श्रद्धालुओं के लिए इसका संचालन में 8 से 10 दिन लग सकते हैं. इंजीनियरों की टीम की रिपोर्ट ओके होने के बाद ही इसका संचालन फिर से शुरू किया जाएगा.
ब्रेक फेल होने पर टकराई थी ट्रॉलियां, हवा में लटक गए थे श्रद्धालु
बता दें कि मंगलवार को बरसाना मंदिर से नीचे प्लेटफार्म की तरफ आने के दौरान ब्रेक फेल होने के कारण तीन ट्रोलियां आपस में टकरा गई थीं. इससे तीनों ट्रॉलियों में सवार 18 श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई थी. हालांकि कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तीनों ट्रॉलियों में से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया. किसी के भी चोट नहीं आई है लेकिन इस घटना ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए.
कंपनी के निदेशक सहित कई पर मुकदमा
घटना के बाद बुधवार को पुलिस ने लापरवाही से रोप वे चलाने में कंपनी के निदेशक, मैनेजर सहित आधा दर्जन कर्मचारियों के खिलाफ थाना बरसाना में मुकदमा दर्ज कराया था.