आगरालीक्स …Agra News:आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय और ताशकंद विश्वविद्यालय, उज्बेकिस्तान के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे, इससे पहले सोमवार को ऑनलाइन बैठक हुई। ( Agra News: DBRAU, Agra MOU with tashkent university Uzbekistan)
कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में उजबेक स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वर्ल्ड लैंग्वेज, ताशकंद के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक दोनों विश्वविद्यालयों के बीच प्रस्तावित एमओयू पर हस्ताक्षर से पूर्व हुई। शीघ्र ही इस एमओयू को औपचारिक रूप से अंतिम रूप दिया जाएगा।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने वैश्वीकरण के वर्तमान दौर में पर्यावरण संरक्षण तथा बेस्ट प्रैक्टिसेज के आदान-प्रदान की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक सहयोग के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय को शीघ्र ही ताशकंद विश्वविद्यालय में प्रतिनिधित्व हेतु आमंत्रित भी किया गया।
बैठक के दौरान ऑनलाइन व्याख्यानों का आयोजन, डुअल डिग्री कार्यक्रम, छात्र एवं शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, सह-प्रबंधकीय रिसर्च सुपरविजन, संयुक्त कॉन्फ्रेंस एवं सेमिनार का आयोजन, विज्ञान, मानविकी एवं तकनीकी विषयों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं तथा फैकल्टी डेवलपमेंट इनिशिएटिव्स पर चर्चा हुई। विश्वविद्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप श्रीधर, आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. संजय चौधरी तथा अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठ के सचिव एवं विदेशी भाषा विभाग के समन्वयक डॉ. प्रदीप वर्मा बैठक में शामिल हुए। संचालन रूसी भाषा के शिक्षक अनुज गर्ग ने किया