अगरालीक्स…दुखद, आगरा में ताजमहल देखने आए एक और पर्यटक की मौत. अचानक बेहोश होकर गिरे, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित….24 घंटे में दो पर्यटकों की हुई मौत.
आगरा में 24 घंटे के अंदर ताजमहल देखने आए दो पर्यटकों की मौत हुई है. बुधवार को जहां महाराष्ट्र के एक पर्यटक की ताजमहल के रॉयल गेट पर अचानक गिरकर मौत हो गई थी तो वहीं गुरुवार को शिल्पग्राम में कर्नाटक का एक पर्यटक बेहोश होकर गिर पड़ा. पुलिस उसे एसएन अस्पताल लेकर गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है.कर्नाटक के पर्यटकों का एक दल गुरुवार दोपहर को करीब तीन बजे ताजमहल देखने के लिए शिल्पग्राम पहुंचा था. पार्किंग में अचानक इनके दल में शामिल एक पर्यटक के सीने में दर्द हुआ. उसने पानी मांगा लेकिन तभी अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ा. सूचना पर पहुंची पर्यटन पुलिस उसे एंबुलेंस से एसएन अस्पताल लेकर गई. लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

एक दिन पहले महाराष्ट्र के पर्यटक की हुई थी मौत
बुधवार को महाराष्ट्र के नौवादे रमेश गुणवंतराव की मौत हुई थी. वह अपने साथियों के साथ ताजमहल का दीदार करने के लिए आए थे. दोपहर करीब एक बजकर 35 मिनट पर ताजमहल के रॉयल गेट पर पहुंचे. तभी अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़े. ये देखकर उनके साथियों के होश उड़ गए. वहां मौजूद सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम आ गई और पर्यटक को तुंरत ही पश्चिमी गेट स्थित डिस्पेंसरी में ले जाया गया. यहां से हालत गंभीर होने पर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने पर्यटक को मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक ने बताया कि पर्यटक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. मेडिकल परीक्षण के बाद ही पता चल सकेगा. उनके साथियों के अनुसार वे जयपुर से भ्रमण करके आगरा पहुंचे थे. जयपुर में उनकी पीठ में दर्द हुआ था जिसके बाद दवाई ली थी.