मथुरालीक्स…बांकेबिहारी कॉरिडोर वर्तमान की जरूरत..मंदिर की वर्तमान स्थिति है खराब, भीड़ दर्शन करने से डरती हैं महिलाएं…मेरी हेयर ड्रेसर के दर्शन के समय भीड़ में खींचे गए थे बाल
बांकेबिहारी कॉरिडोर वर्तमान की जरूरत है. सबको उचित मुआवजा दिया जाएगा. गलियारा बनने से एक साथ दस हजार श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे जिससे व्यापार भी बढ़ेगा..ये कहना है मथुरा की सांसद हेमामालिनी का. उन्होंने ब्रजवासियों को समझाते हुए कहा कि मंदिर की वर्तमान स्थिति खराब है और भीड़ के कारण महिलाएं दर्शन करने से डरती हैं. मेरी हेयर ड्रेसर के बाल दर्शन करते समय भीड़ में खींचे गए थे. सांसद हेमामालिनी ने गलियारा बनने के फायदे बताए.बुधवार को वृंदावन के ओमैक्स सिटी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि जिस कॉरिडोर का सेवायत विरोध कर रहे हैं, लेकिन उनसे पूछा जाएकि किसलिए विरोध कर रहे हैं. वह जैसे सेवा पूजा आज कर रहे हैं, गलियारा और न्यास बनने के बाद भी करते रहेंगे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि इतनी कम जगह में भीड़ के बीच ठाकुर जी के दर्शन करने से महिलाएं डरती हैं, भीड़ में जाने से कतराती हैं, मुझे भी डर लगता है. मेरी हेयर ड्रेसर के बाल दर्शन के समय भीड़ में खींचे गए थे. लेकिन जब गलियारा बनेगा तो एक साथ दस हजार श्रद्धालु वहां दर्शन कर सकेंगे. जिस तरह तिरुपति बालाजी मंदिर में उन्हें टोकन सिस्टम से दर्शन की सुविधा दी जा रही है, वैसे ही व्यवस्था यहां भी होगी. गलियारा बनने से व्यापार भी बढ़ेगा.
उन्होंने कहा कि लोगों में डर है कि उनके दुकान और मकान टूट जाएंगे, मैं आश्वस्त करना चाहती हूं कि जिसका मकान और दुकान टूटेगी, उसे मुआवजा मिलेगा. जिनके पास मकान के कागजात नहीं हैं, उन्हें भी सम्मानजनक मुआवजा दिया जाएगा. जिनकी दुकान टूटेगी उन्हें भी दुकान दी जाएगी, फिर किसी बात का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि गलियारा का स्वरूप इतना भव्य होगा कि लोग देखते रह जाएंगे, जब सुविधाएं बढ़ेंगी तो निश्चित रूप से यहां पर श्रद्धालुओं की संख्या भी और बढ़ेगी और फिर व्यापार भी बढ़ेगा.