आगरालीक्स…सोनम ही कातिल है, शादी के बाद हनीमून और हत्या…सबकुछ प्लांड था. प्रेमी राज कुशवाहा का चेहरा भी आया सामने, जिसके लिए सोनम बनी कातिल…मर्डर मिस्ट्री ऐसी जिसने सबको चौंका दिया..
इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या हनीमून पर उसकी ही पत्नी सोनम रघुवंशी ने की थी. शादी के बाद हनीमून और हत्या सबकुछ प्लांड था. इसमें सोनम का प्रेमी राज कुशवाह भी शामिल था…राजा रघुवंशी की हत्या के बाद लापता सोनम को जैसे ही पता चला कि पुलिस ने हत्या में शामिल उसके प्रेमी राज कुशवाह और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है तो उसके पास भी सरेंडर होने के सिवा कोई चारा नहीं था. 16 दिन तक लापता रही सोनम अचानक रात गाजीपुर पहुंची और पुलिस में सरेंडर कर दिया.कॉल डिटेल और सोनम के साथ हत्यारे आए थे नजर
शिलांग पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी. कॉल डिटेल और शिलांग में सोनम और राजा के साथ् नजर आने वाले तीन पर्यटकों का पता पुलिस को चला था. पुलिस इसी आधार पर जांच कर रही थी. हत्यारे जहां रुके थे, वहां से उनकी जानकारी जुटाई और सारी जानकारी इंदौर पुलिस से साझा की. क्राइम ब्रांच ने शाम तक पूरा जाल बिछाया और रात को इंदौर से विक्की उर्फ विशाल चौहान, राज कुशवाह और आकाश राजपूत को अरेस्ट कर लिया.
सरेंडर करने पहुंची सोनम
इधर जब सोनम को पता चला कि हत्या में शामिल तीनों साथी गिरफ्तार हो चुके हैं तो फिर उसके पास भी सरेंडर होने के सिवा कोई चारा नहीं था. 16 दिन तक लापता रहने वाली सोनम अचानक रात को गाजीपुर पहुंची और रात एक बजे अपने भाई गोविंद को कॉल् कर गाजीपुर में होने की जानकारी दी. भाई ने यूपी पुलिस से संपर्क किया और सोनम को ढाबे से पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया.
सोनम के पिता के यहां काम करता था राज कुशवाहा
इधर सोनम के प्रेमी राज कुशवाह का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने जांच की तो पता चला राज कुशवाह सोनम के पिता के यहां काम करता था. सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी की पलाईवुड की फर्म थी और राज वहां एकाउंटेंट था. इस हत्याकांड के पीछे सोनम और राज कुशवाह के अफेयर की बात सामने आ रही है. दो दिन पहले तक वह नौकरी पर आ रहा था लेकिन फिर नहीं आया. यह बात खुद सोनम के पिता ने कही. हालांकि वो उसका पक्ष में ही बोलते दिख रहे हैं. सोनम के पिता का कहना है कि राज मेरी ही फर्म में काम करता है. इस दौरान वो मेरे ही साथ था. वो इसमें शामिल नहीं हो सकता है. राज ऐसा लड़का नहीं है. पुलिस जो आरोप लगा रही है वो निराधार है. झूठा आरोप है. पुलिस अपने को बचाने के लिए बच्चे के ऊपर आरोप लगा रही है.
23 मई को सोनम ने अपनी सास से बात की. दोपहर बाद तीनों फोन अचानक बंद हो गए. राजा और सोनम के फोन अचानक बंद होना कई सवाल खड़े कर रहा था, जिसे पुलिस ने जांच में लिया. सोनम शादी से पहले और बाद में घंटों राज कुशवाह से बात करती थी. उसकी कॉल डिटेल से पुलिस को शंका हुई और मेघालय पुलिस ने इंदौर पुलिस को उनकी जानकारी दी. हत्या के बाद हथियार भी राजा के शव के पास मिला. यदि हत्यारों को सोनम को मारना होता तो उसी हथियार से वार करते. इससे पुलिस अफसरों को यह पता चल गया कि सोनम की हत्या नहीं हुई है. वह लापता है. उसके दोनों फोन सर्विलांस पर थे लेकिन हत्या के बाद सोनम ने दोनों फोन का इस्तेमाल नहीं किया. पुलिस के अनुसार शादी के बाद सोनम ने ही गुवाहाटी के लिए प्लेन की टिकट बुक कराई थी. उसने ही पूरी प्लांनिंग की थी लेकिन वापसी के टिकट नहीं बुक कराए थे.