आगरालीक्स…देश में आज की सबसे बड़ी खबर. गुजरात के वडोदरा में महिसागर नदी पर बना ब्रिज टूटा. दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा नदी में गिरे, एक टैंकर फंसा…13 लोगों की मौत, दो लापता
देश की आज सबसे झकझोर देने वाली खबर गुजराज के वडोदरा से आई है. बुधवार सुबह महिसागर नदी पर बना ब्रिज का एक हिस्सा उस समय टूट गया जब उस पर से कई गाड़ियां गुजर रही थीं. पुल के टूटने से दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा नदी में गिर गए. इसके अलावा एक टैंकर टूटे सिरे पर फंस गया. इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 8 को स्थानीय लोगों ने बचा लिया है. दो लोग अभी भी नदी में लापता हैं. 45 साल पुराना ब्रिजमहिसागर नदी पर बना यह ब्रिज 45 साल पुराना है और दक्षिण गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता है. पुल टूट जाने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र पहुंचने में ज्यादा समय लगेगा. अब इसके लिए लोगों को अहमदाबाद होते हुए लंबा रास्ता लेना होगा. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है.