आगरालीक्स…आगरा के टीआरएस मॉल में 27 दुकानेां पर ध्वस्तीकरण के नोटिस चस्पा, व्यापारियों को सात दिन का अल्टीमेटम…आक्रोशित व्यापारियों ने दिया धरना, बोले—बिल्डर और आवास विकास परिषद के बीच हम फंस गए…
आगरा के जगदीशपुरा रोड स्थित टीआरए मॉल में 27 दुकानों पर आवास विकास परिषद की ओर से ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया गया है. अवैध निर्माण को लेकर व्यापारियों को सात दिन का अल्टीमेटम दिया गया है. परिषद की इस कार्रवाई से दुकानदारों में आक्रोश है. इसको लेकर सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर सांकेतिक धरना दिया और नारेबाजी की. व्यापारियों का आरोप है कि बिल्डर और आवास विकास परिषद के बीच का यह विवाद है जिसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है.व्यापारियों का आरोप है कि बिल्डर ने उन्हें गुमराह कर टीआरएस मॉल में दुकानें बेची थीं. कई दुकानदारों ने इन दुकानों को खरीदने के लिए लोन लिया था या कर्ज उठाया था. अब आवास विकास परिषद की ओर से इन दुकानों पर ध्वस्तीकरण का खतरा मंडरा रहा है. दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूंजी फंस गई है. बुधवार को दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी और परिषद के खिलाफ नारेबाजी की.