आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में बताई जा रही गौ महिमा. महादेव की भक्ति के साथ बह रही गौ अमृत की रसधारा. रसराज जी महाराज बोले— गौ माता के पास रहने से पास नहीं आता कैंसर
आज कैंसर जैसी घातक बीमारी बहुत अधिक बढ़ रही है। लोग अस्पताल में दम तोड़ने को मजबूर हैं। इसका एकमात्र निदान शुद्ध आहार है जो केवल गौ माता से ही प्राप्त हो सकता है…यह संदेश सूरसदन में चल रहे नौ दिवसीय गौ महिमा महोत्सव के दूसरे दिन जगतगुरु द्वाराचार्य मलूक पीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज के परम कृपा पात्र रसराज महाराज ने व्यक्त किए। पूज्य महाराज श्री ने कहा कि गौ माता के पास रहने से कैंसर पास नहीं आता। गौ सेवा, गौ पूजा और गव्य पदार्थों का सेवन करने से सभी बीमारियों का निदान हो जाता है।गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि गौ माता की कृपा के बिना भगवान भी अवतार नहीं लेते। इस दौरान इस भजन पर सब झूम उठे-" गौ माता की महिमा कितनी, हम तुमको समझाते हैं। गौ पुकार सुन गौ रक्षा हित स्वयं हरी ही आते हैं.. " इससे पूर्व गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि गाय बचेगी तो देश बचेगा का केवल नारा लगाने से गाय नहीं बचेगी। गाय का घर गौशाला नहीं है। गाय सुखी तब होगी जब वह किसान के खूंटे पर होगी। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास होता है। एक ग्राम गोबर मोबाइल के रेडिएशन को कम कर देता है। गौ पेंट करने से तापमान कम होगा, रेडिएशन का प्रभाव भी नहीं होगा।
वृंदावन के भजन गायक ब्रज रसिक बिहारी दास जी और धन्वंतरी दास के भजनों की रसधारा ने सबको भाव विभोर कर दिया। सुबह की बेला में सूरसदन परिसर में सैकड़ों भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चारों के मध्य पार्थिव शिवलिंग का पूजन और अभिषेक किया। गौ महिमा महोत्सव समिति आगरा से जुड़े समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वालों ने आगरावासियों को महोत्सव में आमंत्रित करते हुए बताया कि महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को शाम 4:00 से 8:00 बजे तक शिव महापुराण की दिव्य कथा व गौ कथा होगी। साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायिका साध्वी पूनम दीदी के भजनों की सुर सरिता भी प्रवाहित होगी। परम पूज्य गोपेश कृष्ण दास जी, बागेश्वर धाम के रोहित रिछारिया, पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, पूर्व पार्षद कुंदनिका शर्मा, ऋषि उपाध्याय, सुमन गोयल, जागृति मित्तल, विजय ओझा, सनातन केसरी, अखिलेश, विशाल, प्रियंका ठाकुर, प्रवीण भारद्वाज, प्रशांत लवानिया, गोपाल दास और अभिराम दास भी इस दौरान आरती में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।