आगरालीक्स…आगरा नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों के लिए हुए चुनाव. भाजपा के पांच और बसपा का एक पार्षद जीता. भाजपाइयों ने मनाया जश्न…..जानिए सभी विजेता 6 कार्यकारिणी सदस्यों के नाम
नगर निगम आगरा में शनिवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में कार्यकारिणी के छह सदस्यों के लिए चुनाव हुए। इसमें पांच भारतीय जनता पार्टी और एक बहुजन समाज पार्टी के पार्षद विजयी हुए। अब बारह सदस्यी कार्यकारिणी में दस भाजपा और एक बसपा के सदस्य हो गए हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने विजयी सदस्यों की घोषणा की। इनमें भाजपा के राकेश जैन, वीरेंद्र लोधी, प्रियंका अग्रवाल, फूल कुमारी, विक्रांत सिंह विजयी हुए और बसपा के मोहम्मद आसिफ कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।नगर निगम आगरा की कार्यकारिणी के छह सदस्यों के कार्यकाल पूरा होने के बाद में नगर निगम में पार्षदों द्वारा सदस्यों का चुनाव हुआ। चुनाव प्रक्रिया में छह पदों के लिए भाजपा की ओर से सात पार्षदों राकेश जैन, शरद चौहान, निधि सिंह, वीरेंद्र लोधी, प्रियंका अग्रवाल, फूल कुमारी और विक्रांत सिंह ने नामांकन किया। वहीं, बसपा की ओर से मोहम्मद आसिफ, पुष्पा कुमारी, मोहम्मद सोहेल, और सज्जन अली ने नामांकन किया था। नामांकन के बाद नामांकन पत्रों की जांच की गई। इनमें भाजपा की निधि सिंह और बसपा के सज्जन अली का नामांकन पत्र में गड़बड़ी होने के चलते नामांकन निरस्त हो गया। इसके बाद भाजपा के शरद चौहान और बसपा के मोहम्मद सोहेल और पुष्पा कुमारी ने अपने नाम वापस ले लिए। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद चुनावी मैदान में छह ही सदस्य रह गए। छह पदों के लिए छह प्रत्याशियों को निर्विरोध चुन लिया गया।
चुनाव में भाजपा सदस्यों की जीत की घोषणा के बाद में नगर निगम प्रांगण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी करके जश्न मनाया और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह का माल्यार्पण करके जीत का सेहरा उनके सिर बांधा। कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।