आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में छलक रही गौ महिमा महोत्सव की अमृत रस धारा, निहाल हो रहे सैकड़ों आगरावासी भक्त श्रद्धालु. रसराज जी महाराज बोले— भगवान शिव करते हैं अकारण करुणा कृपा
हमारे सारे धर्म ग्रंथ गाय को माता मानते हैं परंतु पाश्चात्य सभ्यता के प्रभाव से विनाशकारी विकास की होड़ में गौ माता को पशु तुल्य समझकर उनके साथ पाश्विक व्यवहार किया जाने लगा है। ऐसे में गौ माता की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए सनातन धर्मियों को सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है.. ये उद्गार सूरसदन में चल रहे गौ महिमा महोत्सव के सातवें दिन रविवार शाम पुष्कर, राजस्थान से पधारे संत गोपालानंद जी ने व्यक्त किए।
गो महिमा पर व्याख्यान देते हुए उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति दोनों का संपोषण गौ कृपा बिना संभव नहीं है। अतः गौ सेवा, गौ संरक्षण और गौ संवर्धन संपूर्ण विश्ववासियों का कर्तव्य है। उन्होंने समझाया कि अगर भारत को विश्व गुरु, अखंड और सनातन राष्ट्र बनाना है तो गौ सेवा को प्राथमिकता देनी ही होगी। शिव महापुराण की कथा क्रम में पूज्य रसराज जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव अकारण करुणा कृपा करने वाले हैं। इसलिए सभी भक्तों को श्रद्धा के साथ दीपदान, शिवार्चन एवं शिव स्तुति जरूर करनी चाहिए। इस दौरान 'शिव भोले और भंडारी, शिव की महिमा अति ही न्यारी' भजन पर सब झूम उठे।
सुबह की बेला में सैंकडों भक्तों ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान भोलेनाथ का पूजन और अभिषेक किया। गोपेश कृष्ण दास, साध्वी निष्ठा गोपाल सरस्वती, समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, पूर्व पार्षद कुंदनिका शर्मा, ऋषि उपाध्याय, सुमन गोयल, मुख्य यजमान मनोज यादव, प्रियंका ठाकुर, ऋषि रंजना, इंद्रदीप, नितेश बंसल एड., सुधीर आर्य रिंकू, अर्जुन शर्मा ने आरती उतारी।