आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 91वां दीक्षांत समारोह 20 अगस्त को..लाइव टेलीकास्ट होगा पूरा समारोह. कुलपति ने देखीं व्यवस्थाएं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आगामी 91वां दीक्षांत समारोह 20 अगस्त 2025 को स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। आज कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें कुलसचिव अजय मिश्रा सहित सभी समिति संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में सभी समितियों की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई तथा आवश्यक सुधार सुझाव दिए गए। कुलपति एवं कुलसचिव ने निर्देश दिया कि आमंत्रण पत्र विश्वविद्यालय से जुड़े सभी गोद लिए गए गांवों के ग्राम प्रधान, समाज कल्याण विभाग और सहयोगी संस्थाओं को भी भेजे जाएं। इस वर्ष समारोह में प्रत्येक पदक विजेता के साथ दो अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मा. उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, मा. उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रो. कर्णजीत सुरेश (निदेशक, इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली) उपस्थित रहेंगे। अतिथियों के स्वागत और समन्वय के लिए प्रो. शरदचंद उपाध्याय को कुलाधिपति एवं राज्यपाल के समन्वयक, प्रो. मनु प्रताप सिंह को कार्यकारिणी परिषद सदस्यों के समन्वयक, जबकि इंजीनियरिंग विभाग की टीम को विशेष व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में मेडल, पोषक भोजन, सफाई व्यवस्था और परिसर स्थित मंदिर के साज-सज्जा पर विशेष जोर दिया गया। समारोह के दिन कुलाधिपति द्वारा योग वाटिका, चंदन उद्यान आदि का डिजिटल उद्घाटन भी किया जाएगा। पूर्व वर्षों की तरह कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व विश्वविद्यालय की डॉक्यूमेंट्री फिल्म सामुदायिक रेडियो द्वारा निर्मित प्रदर्शित होगी। प्रो. प्रदीप श्रीधर एवं उनकी समिति द्वारा तैयार प्रगति आख्या प्रस्तुत की जाएगी तथा कुछ नवीन पुस्तकों का विमोचन भी होगा।आज की समीक्षा बैठक में कुलपति प्रो. आशु रानी, कुलसचिव अजय मिश्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार कैलाश बिन्द,डीन अकादमिक प्रो. मनु प्रताप सिंह (IQAC निदेशक), प्रो. संजय चौधरी, प्रो बृजेश रावत, प्रो बिंदु शेखर, प्रो बी पी सिंह, (DSW) प्रो. बी.एस. शर्मा, डीन प्रो. अर्चना सिंह, असिस्टेंट रजिस्ट्रार राम सेवक और राकेश मिश्रा, जनसम्पर्क अधिकारी पूजा सक्सेना सहित विभिन्न समिति संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों से अनुरोध किया है कि समारोह का सजीव प्रसारण यूट्यूब लिंक
https://www.youtube.com/live/pBESKPZ1-Kw?si=6BZ7fCWFsC058nAg
या QR कोड के माध्यम से छात्रों को दिखाने की व्यवस्था करें, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रेरित हो सकें।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण करने की ओर अग्रसर है, ऐसे में 91वां दीक्षांत समारोह भी उच्च स्तरीय और उत्कृष्ट होना चाहिए तथा सभी तैयारियां छात्र हित को केंद्र में रखकर की जाएं।