आगरालीक्स…जन्माष्टमी दो दिन मनाई जाएगी. 15 अगस्त को स्मार्त और 16 अगस्त को वैष्णव सम्प्रदाय के लोग मनाएंगे जन्माष्टमी..
साल 2025 में भगवान श्री कृष्ण का 5252वां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। साल 2025 में श्री कृष्ण जन्माष्टमी 15 और 16 अगस्त दोनों दिन मनाई जाएगी। श्री गुरु ज्योतिष शोध संस्थान गुरु रत्न भंडार वाले प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा जी के अनुसार 15 अगस्त 2025 को जन्माष्टमी का पर्व स्मार्त (सभी देवो को मानने वाले) सम्प्रदाय के लोग मनाएंगे। वहीं स्मार्त वाले जिस दिन अष्टमी तिथि निशिता काल के समय व्याप्त होती है, उस दिन को प्राथमिकता दी जाती है। जो लोग स्मार्त सम्प्रदाय को मनाते हैं उनके लिए व्रत 15 अगस्त को रखा जाएगा। निशिता पूजा का समय 16 अगस्त को रात 12:04 Am से लेकर 12:47 Am तक रहेगा। पूजा की कुल अवधि - 00 घण्टे 43 मिनट तक रहेगी।16 अगस्त 2025 के दिन जन्माष्टमी का पर्व वैष्णव सम्प्रदाय (सिर्फ भगवान विष्णु को मानने वाले) के लोग मनाएंगे। 16 अगस्त को इस्कॉन जन्माष्टमी और दही हांडी उत्सव है। वैष्णव सम्प्रदाय को मानने वाले लोग अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र को प्राथमिकता देते हैं और वे कभी सप्तमी तिथि के दिन जन्माष्टमी नहीं मनाते हैं। जो लोग 16 अगस्त के दिन व्रत करेंगे उनके लिए निशिता पूजा का समय 17 अगस्त, रविवार को रात 12:04 Am से लेकर 12:47 Am तक रहेगा।