आगरालीक्स…अपने एंड्रॉयड फोन की डायलर सेटिंग्स में अचानक बदलाव से लोग हैरान हैं, कोई नए अपडेट को नापसंद कर रहा है तो कोई सोशल मीडिया पर सवाल पूछ रहा है, कुछ को ये डर सता रहा है कि कहीं उनका फोन हैक तो नहीं हो गया
आगरा में कई एंड्रॉयड यूजर्स अपने फोन की कॉल और डायलर सेटिंग्स में अचानक आए बदलाव से हैरान हैं। हो सकता है कुछ दिन पहले आपने भी अपने स्मार्टफोन में यह बदलाव देखा हो। कई दिन बीत जाने के बाद भी बहुत से लोग इस आशंका में हैं कि कहीं उनका फोन हैक तो नहीं हो गया क्योंकि उन्होंने हाथ भी नहीं लगाया और डायलर सेटिंग्स अचानक बदल गईं। वहीं कई लोग सोशल मीडिया पर दूसरों से भी सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि क्या उनके फोन की सेटिंग भी अचानक बदल गई है। बता दें कि नए बदलाव के बाद एंड्रॉयड फोन से कॉल करते समय या कॉल रिसीव करते समय, फोन का इंटरफेस यानि डिस्प्ले और डिजाइन बदला हुआ दिखता है। हालांकि यह साफ हो चुका है कि यह नई अपडेट गूगल की ओर से की गई है। बावजूद इसके कई लोग अभी इससे अनजान हैं। कईयों को गूगल के नए अपडेट का पता लग चुका है लेकिन वे भी परेशान हैं।मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गूगल ने बताया है कि मैटेरियल थ्री एक्प्रेसिव अपडेट के जरिए एंड्रॉयड फोन के कॉल एप डिजाइन में बदलाव किया गया है। पहले एंड्रॉयड फोन का डिस्प्ले मैटेरियल थ्री डी डिजाइन पर चलता था। गूगल ने बताया है कि नई डिस्प्ले सेटिंग्स में कई चीजें बदली जा रही हैं जैसे नोटिफिकेशन, कलर थीम फोटो, जीमेल और वॉच वगेरह। गूगल ने रीसेट कॉल्स और फेवरेट पिकर को हटाकर होम में मिला दिया है।
इसलिए जब आप कॉल एप खोलेंगे तो आपको फोन और कीपेड पिकर ही दिखाई देंगे। कंपनी के मुताबिक अब एक ही नंबर से आने वाले सभी कॉल्स एक साथ या एक ही जगह पर दिखाई नहीं देंगे बल्कि समय के साथ कॉल हिस्ट्री में दिखाई देंगे। इससे आपको बार—बार कॉन्टेक्ट ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गूगल का यह भी कहना है कि इससे यूजर्स अपनी कॉल हिस्ट्री को और भी अच्छे तरीके से समझ पाएंगे।
कंपनी ये भी कहती है कि अब हर नंबर को अलग से खोलने की जरूरत नहीं होगी कि कितनी मिस्ड कॉल हैं और कितनी रिसीव हुई हैं। इसके साथ ही इनकमिंग कॉल का डिजाइन भी बदला गया है जिससे फोन जेब से निकालते समय गलती से कॉल रिसीव या डिस्कनेक्ट न हो जाए। तो अगर आपने अपने एंड्रॉयड फोन में ये नया बदलाव देखा है तो परेशान न हों लेकिन अगर आपको अब भी पुराना एप पसंद है और नया अपडेट नहीं चाहते हैं तो आप इस नए अपडेट को अनस्टाल भी कर सकते हैं।
वहीं नए बदलाव पर लोगों की अलग—अलग प्रतिक्रियाएं हैं। यह प्रतिक्रियाएं प्रत्यक्ष और सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रही हैं। कसी को बड़े बटन अजीब लग रहे हैं तो कईयों को पुराने डिजाइन की कमी खल रही है। कई लोग लाल रंग के एंड कॉल बटन को उलझन में हैं। वहीं फोन उठाने या रिजेक्ट करने के लिए भी लेफ्ट या राइट स्वाइप अभी आदत में नहीं है।