आगरालीक्स…गजवदन विघ्नहरण…” आगरा के वरद वल्लभा मंदिर में भजन की ध्वनि संग भव्य पुष्प बंगले में विराजे महागणपति बप्पा
छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में बुधवार को 11 दिवसीय गणेश महोत्सव के आठवें दिन गणपति बप्पा का श्रृंगार अद्भुत छटा बिखेरता नजर आया। हरे वस्त्रों, स्वर्ण आभूषणों और बैंगनी पुष्पमालाओं से अलंकृत वरद वल्लभा गणपति जब सुगंधित फूल बंगले में विराजमान हुए तो श्रद्धालुओं के मन आनंद और भक्ति से भर उठे।मंदिर संस्थापक हरिमोहन गर्ग (एनआरएल ग्रुप) ने बताया कि आठवें दिन विशेष रूप से हरे और बैंगनी रंग का श्रृंगार किया गया। हरे वस्त्रों पर स्वर्णाभूषणों की झिलमिल और बैंगनी ऑर्किड पुष्पमालाओं की मनमोहक छटा ने गणपति बप्पा को स्वर्गीय आभा प्रदान की।
भक्तों ने गगनभेदी “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के बीच आरती की और भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संपूर्ण मंदिर प्रांगण में पुष्पों की सुगंध और घंटियों की गूंज ने आस्था का अद्भुत संगम रचा।