आगरालीक्स…आगरा के सेंट मेरी चर्च प्रतापपुरा पर परम श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जा रहा वार्षिकोत्सव.
सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा में चल रहे वार्षिकोत्सव का सातवाँ दिन आज परम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा का संचालन श्रद्धेय फादर सनी कुट्टोर ने किया। अपने प्रेरक प्रवचन में फादर सनी ने कहा कि "माँ का हृदय सदा अपने बच्चों के लिए प्रेम, चिंता और प्रार्थना से भरा रहता है। चाहे बच्चे कितनी भी गलतियाँ क्यों न करें, माँ उन्हें कभी नहीं त्यागती, बल्कि उनके भले के लिए निरंतर प्रार्थना करती है। इसी प्रकार प्रभु यीशु की माता मरियम भी हमारी माता के रूप में हर समय हमारे लिए प्रभु से प्रार्थना करती हैं। हमें उनके इस मातृत्व प्रेम पर विश्वास रखते हुए सदा प्रभु की शरण में रहना चाहिए।" पूरी प्रार्थना सभा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। भजनों और स्तुति गीतों के सामूहिक गायन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण सहभागिता की। भक्ति, प्रार्थना और स्तुति के इस अद्भुत संगम ने वातावरण को और भी पवित्र एवं मंगलमय बना दिया। इस अवसर पर फादर जोसेफ़ डाबरे, फादर जॉन एवं फादर अजय ने भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करते हुए श्रद्धालुओं को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आठवें दिन की प्रार्थना सभा कल सायं 6:00 बजे श्रद्धेय फादर एल्विन पिंटो के नेतृत्व में सम्पन्न होगी, जिसमें विशेष प्रार्थना एवं नोवेना का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त ईसाई समाज के श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक पर्व का हिस्सा बनने और प्रभु की असीम कृपा का अनुभव करने का आग्रह किया।