आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया गणपति उत्सव
माही इंटरनेशनल स्कूल में गणपति उत्सव बड़े हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। त्यौहार सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक होते हैं और इसी भावना को आत्मसात करते हुए विद्यालय के छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ गणपति उत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी मंदिर में मधुर भजनों और पारंपरिक आरती के साथ हुई। छात्रों की गूंजती आवाज़ों ने पूरे वातावरण को भक्तिभाव और उल्लास से भर दिया।समारोह का समापन गणपति विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। "गणपति बप्पा मोरया" के जयकारों और ढोल की थाप पर विद्यालय परिसर में शोभायात्रा निकाली गई। इस यात्रा में विद्यालय के चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल, प्रबंध न्यासी श्रीमती मंजीरी अग्रवाल, छात्र-छात्राएँ एवं सभी शिक्षकगण शामिल हुए। अंत में माता रानी मंदिर प्रांगण में बने जलकुंड में गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता एक भंडारे का आयोजन भी रहा, जिसमें छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मिलकर प्रसाद स्वरूप पूड़ी-सब्जी का आनंद लिया। यह उत्सव न केवल भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक रहा, बल्कि एकता, सहयोग और सामूहिकता का संदेश भी प्रदान करता है। माही इंटरनेशनल स्कूल परिवार इस स्मरणीय आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त करता है और कामना करता है कि गणपति बप्पा सबके जीवन में खुशियाँ और समृद्धि लेकर आएँ।