आगरालीक्स…आगरा में डीवीवीएनएल के बकाए बिल के लिए कनेक्शन काटना बंद करे टोरंट. डिप्टी सीएम ने कहा—टोरंट को कोई अधिकार नहीं. संविदा कर्मचारियों की होगी जांच
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को आगरा पहुंचे यहां उनहोंने विकास भवन सभागार में अध्यक्षता की और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान डिप्टी सीएम ने टोरंट कंपनी की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और सख्त आदेश जारी किए. विद्युत व टोरंट लि की समीक्षा की गई, जिसमें डीवीवीएनएल के बकाए बिल के लिए टोरेंट कंपनी के द्वारा आमजन के कनेक्शन काटे जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की तथा कहा कि टोरंट लि को डीवीवीएनएल के बकाए बिल हेतु कनेक्शन काटने का कोई अधिकार नहीं है, उन्होंने तत्काल कनेक्शन काटना बंद करने के कड़े निर्देश दिए.
संविदा कर्मचारियों की हो जांच
बैठक में डिप्टी सीएम ने डीवीवीएनएल के सभी संविदा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने एवं अपराधी किस्म के कर्मचारियों की संविदा समाप्त करने को निर्देशित किया तथा कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संविदाकर्मियों की कार्यशैली की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन्होंने विद्युत संविदाकर्मियों के क्षेत्र में परिवर्तन करने के निर्देश दिए.
बाढ़ पीड़ितों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा का आदेश
बैठक में डिप्टी सीएम ने ने नदियों में जल स्तर बढ़ने से प्रभावित हुए बाढ़ पीड़ितों की समीक्षा की, जिसमें बताया गया कि तहसील सदर में यमुना नदी से हुई क्षति व नुकसान के आंकलन हेतु सर्वे कार्य अन्तिम चरण में है तथा चम्बल नदी से प्रभावित किसानों को 94 लाख रूपये की क्षतिपूर्ति डीबीटी के माध्यम से की गई है, शेष प्रभावितों के भुगतान हेतु राहत पोर्टल पर फीडिंग कार्य प्रगति पर है. उप मुख्यमंत्री ने शीघ्र सर्वे कर क्षतिपूर्ति व मुआवजा का वितरण करने, नदियों के कटान से भूमि क्षरण हेतु स्थाई समाधान का प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने तथा मौके पर मौजूद रह कर भूमि कटान का अस्थाई प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.