आगरालीक्स…आगरा के विवि द्वारा निकाली गई दो दिवसीय साइकिल यात्रा. प्रतिभागियों ने दो दिन में 200 किलोमीटर साइकिल से की यात्रा..कहा—अविस्मरणीय और प्रेरणादायी रहा अनुभव
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत 19–20 सितम्बर 2025 को साइकिल यात्रा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भ्रमण एवं वृक्षारोपण का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मार्गदर्शन माननीय कुलाधीपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने किया तथा इसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने भव्य शुभारंभ के साथ की.
यात्रा का शुभारम्भ 19 सितम्बर की प्रातः 7 बजे विवेकानन्द परिसर, आंबेडकर विश्वविद्यालय से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके उपरांत कुलपति प्रो. आशू रानी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और प्रतिभागियों को वृक्षारोपण का संकल्प दिलाया। “भारत माता की जय” और “स्वामी विवेकानन्द अमर रहें” जैसे उद्घोषों तथा तिरंगा लहराते साइकिल सवारों के साथ यात्रा ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया.
पहला दिन : 19 सितम्बर 2025
यात्रा के पहले दिन विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में प्रतिभागियों का भव्य स्वागत हुआ।
राजा बलवंत सिंह विद्यापीठ, बिचपुरी में गुरु डॉ. सीमा भदौरिया ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा फलाहार और शरबत की व्यवस्था की गई।
श्री सिद्धिविनायक महाविद्यालय, राया में प्रबंधक डॉ. छोकर एवं श्री मानवेंद्र ने पगड़ी पहनाकर सत्कार किया और ब्रज के विशेष व्यंजन परोसे।
एच.एल. वर्मा महाविद्यालय, मथुरा में पनीर पकोड़े, मंगोड़े और ठंडाई के साथ स्वागत हुआ।
श्रीमती रामदुलारी महाविद्यालय, मथुरा में एनसीसी कैडेट्स ने पारंपरिक सम्मान किया और दाल-बाटी-चोखा सहित विभिन्न व्यंजनों से प्रतिभागियों का सत्कार किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में वृक्षारोपण हुआ और छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें प्रेरित किया गया।
दिन का अंतिम पड़ाव मुरलीधर महाविद्यालय, जाजमपट्टी रहा, जहां गन्ने के रस से सभी को ताजगी मिली।
शाम को वृंदावन स्थित श्री राधेश्याम सेवा सदन धर्मशाला में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। कुलपति प्रो. आशू रानी ने स्वयं पहुंचकर छात्र-छात्राओं का हालचाल लिया और गिरिराज महाराज के दर्शन कर सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। देर शाम श्री सिद्धिविनायक महाविद्यालय द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफियां भेंट की गईं।
दूसरा दिन : 20 सितम्बर 2025
दूसरे दिन यात्रा का पुनः शुभारम्भ जयकारों के बीच हुआ।
श्री सिद्धिविनायक महाविद्यालय, नौहझील में प्रतिभागियों का स्वागत ब्रज की प्रसिद्ध बेडई-कचौड़ी और इमरती से किया गया।
श्री बाबूलाल महाविद्यालय में वातानुकूलित सभागार में भोजन और सम्मान की व्यवस्था रही।
आर.बी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट ने स्वादिष्ट भोजन व भव्य सम्मान के साथ प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
यात्रा के दौरान सूरदास जी की जन्मस्थली सूरकुटी व अरतोनी होते हुए साइकिल रैली श्री राम महाविद्यालय, पनवारी पहुंची, जहां गन्ने का रस और ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया।
गर्मी व थकान के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। कई बार साइकिलों के टायर फटने जैसी चुनौतियों का विश्वविद्यालय की तकनीकी टीम और खेल शिक्षिका डॉ. सिंधुजा चौहान ने तुरंत समाधान किया।
यात्रा का समापन पुनः विवेकानन्द परिसर में हुआ, जहां स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और कुलपति प्रो. आशू रानी के आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.
दो दिनों में लगभग 120 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की गई। प्रत्येक पड़ाव पर विभिन्न महाविद्यालयों ने स्वागत, भोजन और सम्मान की भव्य व्यवस्था की। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में वृक्षारोपण और छात्राओं के साथ संवाद इस यात्रा की विशेष उपलब्धि रही। कुलपति प्रो. आशु रानी लगातार प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करती रहीं। और कैच स्थानों पर छात्रों का उत्साह वर्धन करने पहुंची भी. सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।