आगरालीक्स…प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से आगरा के कारोबार में आ सकता है बूम. उन्होंने कहा—जीएसटी उत्सव शुरू हो रहा है. केवल वही खरीदें जिसमें देश का पसीना…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शाम पंच बजे राष्ट्र के नाम संबोधन किया. इसमें उन्होंने कल से लागू होने जा रहे जीएसटी सुधार के साथ—साथ कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत की. उन्होंने कहा कि कल यानी नवरात्र के पहले दिन 22 सितंबर को सूर्योदय के साथ ही नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉम्र्स लागू हो जाएंगे.
जीएसटी बचत उत्सव का दिया नाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे जीएसटी बचत उत्सव का नाम दिया. उन्होंने कहा कि इस जीएसटी बचत उत्सव में आपकी बचत बढ़ेगी और आप अपनी पसंद की चीजों को और ज्यादा आसानी से खरीद पाएंगे. उन्होंने कहा कि हमारे देश के गरीब, मध्यम वर्गीय लोग, न्यू मिडिल क्लास, युवा, किसान, महिलाएं, दुकानदार, व्यापारी, उद्यमी सभी को ये बचत उत्सव का बहुत फायदा होगा.इस त्योहार के मौसम में सबका मुंह मीठा होगा.
स्वदेशी खरीदें, स्वदेशी अपनाएं
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में स्वदेशी आत्मनिर्भर भारत को तवज्जो देने को कहा. उन्होंने सभी राज्यों से आग्रह किया कि वे स्वदेशी के अभियान के साथ मैन्युफैक्चरिंग को गति दें. निवेश के लिए माहौल् बनाएं. केंद्र और राज्यसरकार मिलकर आगे बढ़ेंगे तभी सपना पूरा होगा. उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजें विदेशी हैं, हमें उनसे मुक्ति पानी हैं. हम मेड इन इंडिया सामान खरीदें. हमें हर घर को स्वदेशी का प्रतीक बनाना है. हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है. गवै से कहो कि ये स्वदेशी है. गवै से कहो मैं स्वदेशी खरीदता हूं और बेचता हूं. यह हर भारतीय का मिजाज बनना चाहिए.
आगरा के कारोबार को मिल सकता है बूम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से आगरा के कारोबार को बूम आ सकता है. आगरा के परंपरागत जूता और पच्चीकारी कारोबार को जीएसटी दर कम किए जाने से बूम मिलेगा. अमेरिका द्वारा टैरिफ को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किए जाने से जूता व हैंडीक्राफ्ट कारोबारी निर्यात कम होने की चिंता में परेशान हो उठे थे लेकिन अब जीएसटी के नए सुधार से उन्हें नई उम्मीद जगी है.
जूता उद्योग
आगरा का जूता कारोबार सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाले क्षेत्रों में शामिल हैं. इसमें 3.5 लाख लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं. आगरा से करीब पांच हजार करोड़ रुपये का निर्यात और 20 हजार करोड़ रुपये का घरेलू कारोबार होता है. अब घरेलू बाजार पर अधिक से अधिक फोकस किया जाएगा. 2500 रुपये तक के जूते पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी हो गई है.
पच्चीकारी
संगमरमर पर पच्चीकारी उद्योग को भी बड़ी राहत मिलेगी. आगरा से करीब 80 प्रतिशत हैंडीक्राफ्ट का निर्यात अमेरिका में होता था लेकिन अमेरिका के बढ़े टैरिफ के कारण निर्यात के आर्डर कम होने लगे थे. कारोबारियों ने अब घरेलू बाजार पर फोकस अधिक किया है. इस पर जीएसटी पांच प्रतिशत कर दिया गया है. आगरा के करीब 35 हजार से अधिक शिल्पी इस कला से जुड़े हुए हैं.
- इन पर भी जीएसटी हुआ है कम
- 2500 रुपये तक के रेडीमेड गारमेंट्स पर अब पांच प्रतिशत जीएसटी लगेगा. अभी तक एक हजार रुपये के कपड़ों पर ही पांच प्रतिशत जीएसटी था.
- 7500 रुपये प्रतिदिन से कम टैरिफ वाले होटल पर जीएसटी 12 से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है.
आगरा का पेठा
आगरा की पहचान यहां की पेठा मिठाई से भी है. चांदी सा सफेद और सेहत के लिए लाभकारी माने जाने वाला पेठा आगरा आने वाले हर देशी विदेशी पर्यटक की पहली पसंद रहती है. योगी सरकार द्वारा ओडीओपी योजना में शामिल होने के बाद पेठा कारोबार पहले ही आगरा में सालाना करीब 250 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. इसको घरेलू बाजार में और अधिक पहुंचाया जा रहा है.