आगरालीक्स…आगरा के विवि में OPD ON WHEELS पर लगा स्वास्थ्य जांच शिविर. 109 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उठाया लाभ
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के विश्वविद्यालय आरोग्य केंद्र एवं सामुदायिक रेडियो आगरा की आवाज़ की पहल पर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा के सहयोग से आज निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विशेष सहयोग मुख्य चिकित्सा अधिकारी आगरा डॉ. अरुण श्रीवास्तव और डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी एनपीपीसीडी डॉ. पीयूष जैन का रहा। ‘ओ.पी.डी. ऑन व्हील्स’ पहल के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग आगरा द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल वैन चिकित्सा टीम और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इस शिविर को संभव बनाया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. आशु रानी ने पूरी सामुदायिक रेडियो और आरोग्य केंद्र आयोजन टीम को बधाई दी और स्वास्थ्य विभाग आगरा का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विश्वविद्यालय समुदाय के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल में अत्यंत उपयोगी हैं।
कुलसचिव अजय मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहेंगे, जिससे विश्वविद्यालय परिवार और उनके परिजन स्वस्थ रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देंगे।
इस स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेष तौर पर फार्मेसी विभाग के 15 छात्र-छात्राओं ने रेडियो वालंटियर के रूप में सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने शिविर की समस्त प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा और सीखा। शिविर से कुल 109 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने लाभ प्राप्त किया। विश्वविद्यालय आरोग्य केंद्र के प्रभारी प्रो बृजेश रावत के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ जिसके संयोजक डॉ. पीयूष जैन और सह-संयोजक पूजा सक्सेना (कार्यक्रम अधिशासी, सामुदायिक रेडियो और जनसम्पर्क अधिकारी, विश्वविद्यालय) रहे। आयोजन में सहयोग प्रदान करने वालों में विश्वविद्यालय आरोग्य केंद्र की पूरी टीम, स्वास्थ्य विभाग आगरा की OPD ON WHEELS टीम शामिल रहे।