आगरालीक्स…आगरा में कारोबारी को होटल के कमरे में बंद कर 7 लाख रुपये लेकर गायब हुआ कार चालक…सीसीटीवी में
आगरा में लखनऊ के एक मूर्ति कारोबारी को उसका ही कार चालक लूट कर भाग गया. कारोबारी पेमेंट वसूलने के लिए आगरा के एक होटल में ठहरा था. उसके साथ कमरे में कार चालक भी था लेकिन रात को कार चालक सात लाख रुपये से अधिक की रकम लेकर भाग गया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया. होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खोला जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. सीसीटीवी में आरोपी चार बजे जाते हुए दिखा है.
लखनऊ के शास्त्रीपुरम में आशीष प्रजापति रहते हैं. इनका मूर्ति का कारोबार है और चार दिन पहले घर से मूर्तियों का पेमेंट लेने के लिए अन्य शहरों के लिए निकले थे. इसके लिए उन्होंने कार चलाने के लिए लखनऊ के अइयागंज में रहने वाले आशुतोष वर्मा को साथ लाए थे. कानपुर और इटावा से पेमेंट लेकर दिल्ली में 27 अक्टूबर को रुके थे. यहां से पेमेंट लेने के बाद आगरा आए थे.
मंगलवाल रात को वो कार चालक के साथ ही कैंट क्षेत्र के एक होटल में रुके. कमरे में ही उन्होंने पेमेंट के 7.10 लाख रुपये से भरा बैग रखा था. सुबह पांच बजे जब उनकी आंख खुशी तो कार चालक आशुतोष कमरे में नहीं था. बैग भी गायब था. दरवाजा खोलना चाला तो वो बाहर से बंद था. आशुतोष का मोबाइल स्विच आफ था.
खटखटाने पर होटल के कर्मचारियों ने दरवाजा खोला. पूछताछ में किसी को पता नहीं था कि आरोपी कब भाग गया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल के सीसीटीवी चेक किए तो आरोपी चालक सुबह करीब चार बजे होटल से निकलता दिखाई दिया है. तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है. कारोबारी ने आशुतोष के घर भी फोन किया लेकिन उसकी मां ने बताया कि वह घर नहीं पहुंचा है.