आगरालीक्स ..आगरा में भू माफिया निखिल होम्स के डायरेक्टर शैलेंद्र अग्रवाल को अरेस्ट कर लिया है, वह निखिल होम्स के मालिक शैलेंद्र अग्रवाल का साला है, दोनों के नाम एक जैसे हैं, पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपित शैलेंद्र अग्रवाल निखिल होम्स में डायरेक्टर है।
पुलिस ने निखिल होम्स के मालिक शैलेंद्र अग्रवाल की हिस्ट्रीशीट भी खोली है। पांच हजार रुपये के इनाम के लिए थानों से एसएसपी के पास रिपोर्ट गई हुई है। पुलिस पर लगातार कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था।
आगरा में भू माफिया चिन्हित किए गए हैं, इन्हें अरेस्ट करने के लिए पुलिस पर दबाव बढ रहा है। ऐसे में बुधवार को न्यू आगरा पुलिस ने बल्केश्वर के किशन नगर में दबिश दी। निखिल होम्स के मालिक शैलेंद्र अग्रवाल के साले शैलेंद्र अग्रवाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित खुद को बेगुनाह बता रहा है।
10 हजार रुपये की नौकरी
शैलेंद्र अग्रवालवह घर पर ही मौजूद था। फरार नहीं हुआ था। जीजा के ऑफिस में नौकरी करता था। उसे दस हजार रुपये महीना मिला करते थे। शैलेंद्र की सगी बहन बबिता की शादी शैलेंद्र अग्रवाल के साथ हुई है। गिरफ्तार शैलेंद्र ने बताया कि बहन की शादी बीस साल पहले हुई थी। उस समय जीजा संजय प्लेस में ठेकेदारी करते थे। उनके पास सिर्फ एक स्कूटर था। धीरे-धीरे बिल्डर बने। प्रोजक्ट बनाए। पिछले दो साल से मुसीबतों ने घेर लिया। प्रोजक्ट पर एडीए ने सील लगा दी। निवेशक तगादा करने लगे। जिन्होंने फ्लैट बुक कराए थे। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। एक-एक करके कई मुकदमे दर्ज हो गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शैलेंद्र के खिलाफ हरीपर्वत, सिकंदरा और न्यू आगरा थाने में 14 मुकदमे दर्ज हैं। सभी मुकदमे धोखाधड़ी के हैं। कई मामले कोर्ट में भी चल रहे हैं। गिरफ्तार आरोपित से मुख्य आरोपित के बारे में पूछा जा रहा है। पुलिस को कुछ सुराग भी मिले हैं।