आगरालीक्स…आगरा में 152 युवा छात्रों को टैबलेट मिले. यूथ एम्पावरमेंट स्कीम के तहत किया गया वितरण
डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छलेसर परिसर स्थित इन्स्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एण्ड पैरामैडीकल साइंसेज में आज दिनांक 08 नवंबर को माननीय कुलपति प्रो आशु रानी जी के संरक्षण में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के तकनीकी सशक्तिकरण हेतु ‘टैबलेट वितरण एवं पूर्व छात्र मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह रहे। समारोह में कुल 152 छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी संसाधनों तक बेहतर पहुँच मिल सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति जी ने फार्मेसी विभाग के छात्रों को टैबलेट वितरित किए। यह वितरण “यूथ एम्पावरमेंट स्कीम के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उन्हें डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय कुलपति जी ने कहा कि इस योजना से छात्रों को पढ़ाई और शोध कार्य में नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि आने वाले शैक्षणिक सत्र में फार्मेसी विभाग एन.आई.आर.एफ. (NIRF) में बेहतर रैंक हासिल करेगा। उन्होंने छात्रों को रिसर्च-बेस्ड प्रैक्टिकल्स करने और ऑनलाइन रिसोर्सेज का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कुलपति जी ने ‘विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन’ इनक्यूबेशन पोर्टल के शुभारंभ की भी घोषणा की। यह पोर्टल विश्वविद्यालय में स्टार्टअप्स और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने स्टार्टअप आइडियाज पर कार्य करें और विवेकानंद इनक्यूबेशन पोर्टल पर सक्रिय रूप से भाग लें। कुलपति ने कहा आज का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बनना चाहिए।
डॉ. धर्मपाल सिंह ने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तकनीकी सशक्तिकरण योजना युवाओं के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें आधुनिक तकनीकी ज्ञान से सशक्त बना रही है। डॉ धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की पिछली स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूर्व में विश्वविद्यालय कई चुनौतियों से जूझ रहा था, परंतु वर्तमान कुलपति प्रो आशु रानी जी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि अब विश्वविद्यालय की छवि में सुधार हुआ है और शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम का संचालन फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शेखर के नेतृत्व में किया गया। संयोजन में डॉ. मनोज कुमार यादव और विश्वविद्यालय कंप्यूटर केंद्र के श्री देव शर्मा की अहम भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन प्रो बृजेश कुमार तिवारी जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग निदेशक डॉ अखिलेश चंद्र सक्सेना, फार्मेसी विभाग से प्रो बृजेश कुमार तिवारी, डॉ प्रतिभा मिश्रा, डॉ विजय यादव, डॉ ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ स्वेतलाना, डॉ गौरव राजौरिया, अरिंजय जैन, डॉ केसर सिंह, डॉ सजल, आस्था शर्मा, मुकुल यादव, अखिलेश कुमार, अंजली चौहान, शिवाली ढीकोनिया आदि उपस्थित रहे। इसके अलावा गैर शिक्षण कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।