आगरालीक्स…आगरा में दीप्ति शर्मा के स्वागत को 10 किमी लंबा रोड शो होगा. स्वागत को तैयार आगरा. बांकेबिहारी मंदिर भी जाएंगी
महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय टीम की सदस्य और प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का खिताब हासिल कर देश दुनिया में नाम रोशन करने वाली आगरा की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के स्वागत की जोरदार तैयारियां चल रही हैं. कॉलोनी के बाहर नगर निगम ने दीप्ति शर्मा के नाम का बोर्ड विश्व कप विजेता और अर्जुन अवार्ड विजेता के रूप में लगाया है. वहीं घर में जहां जश्न का माहौल है तो वहीं रास्तों में कई जगह दीप्ति शर्मा के स्वागत के होर्डिंग भी लग चुके हैं. दीप्ति शर्मा के स्वागत को 10 किमी लंबा रोड शो होगा. दीप्ति शर्मा इस समय उज्जैन में हैं और 13 नवंबर को दीप्ति शर्मा आगरा आ सकती हैं. विश्व कप फाइनल में दीप्ति शर्मा ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया था और पांच विकेट भी लिए थे. दीप्ति शर्मा के घर अभी भी शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है.
बांकेबिहारी मंदिर भी जाएगा परिवार
दीप्ति शर्मा के आगरा आने के बाद पूरा परिवार बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भी जाएगा.
दीप्ति शर्मा के बारे में जानें
दीप्ति शर्मा आगरा के शाहगंज स्थित अवधुपरी की रहने वाली हैं. इनकी मां का नाम सुशीला शर्मा और पिता का नाम श्रीभगवान शर्मा है. पिता का कहना है कि पुलिस व प्रशासन से बातचीत चल रही है. पहले एमजी रोड पर रोड शो की तैयारी थी लेकिन एमजी रोड पर मेट्रो के काम के चलते ऐसा नहीं हो पाएगा. जल्द ही रोड शो का रूट भी फाइनल किया जाएगा. घर में शादी जैसा माहौल है. पुताई चल रही है. हर कोई दीप्ति के प्रदर्शन से खुश है और उसके स्वागत के लिए बेताब है.
दीप्ति शर्मा के भाई प्रशांत ने बताया कि बीसीसीआई की तर्ज पर भव्य रोड शो करने का मन बनाया है. इसकी रूपरेखा भी तय कर ली गई है. दीप्ति के आने के अगले दिन रोड शो होगा. इसके लिए लगातार प्रशासन से मीटिंग चल रही है.