आगरालीक्स…आगरा में 5 साल के बच्चे की 10 फीट गहरे पानी के गड्ढे में गिरकर मौत. पानी से भरा हुआ था गड्ढा…जलनिकासी न होने पर बनाया था गड्ढा
आगरा के अछनेरा में एक पांच साल के बच्चे की 10 फीट गहरे पानी के गड्ढे में गिरकर मौत हो गई है. गांव में जलनिकासी न होने पर यह गड्ढा बनाया गया था जिसमें पानी जमा हो रहा था. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. इस संबंध में पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति् के खिलाफ थाने में तहरीर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हादसा गांव फतेहपुरा का है. यहां रहने वाला देशराज का बेटा मन्नू सोमवार सुबह घर के पास ही बच्चों के साथ खेल रहा था. घर से करीब 400 मीटर दूर गांव के बाहर रास्ते के किनारे खेत में बने करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में वह गिर गया. गड्ढा पानी से भरा हुआ था. ऐसे में बच्चे के गिरते ही अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों ने दौड़कर मौके से किसी तरह मासूम को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर गए. सीएचसी अछनेरा में चिकितसकों ने एसएन रेफर कर दिया. यहां जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया. बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. बच्चे के पिता ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है.
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची. ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने पर पानी रास्ते और खेत में भर जाता था. जलभराव को रोकने के लिए गड्ढा खोदा गया था.