आगरालीक्स…आगरा में महिला टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली. विश्वविद्यालय सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज़’ और श्री बाँके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी का सराहनीय काम
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सामुदायिक रेडियो 90.4 आगरा की आवाज़ पर सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित एक सराहनीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत महिला टीबी मरीजों के सहयोग हेतु श्री बाँके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी (NGO) ने एक बार फिर सेवा भावना का परिचय देते हुए 5 महिला टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने किया और पोषण पोटली सीधे सामुदायिक रेडियो केंद्र पर मरीजों को प्रदान की गई।पोषण पोटली की उपयोगी सामग्री
पोषण पोटली में दालें, चना, रमांस दाल, दलिया, सत्तू, सोयाबीन, मूंगफली, देशी खांड, बोर्नवीटा पाउडर तथा सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक सामग्री शामिल की गई थीं। ये सामग्री टीबी मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और उपचार को प्रभावी बनाने में मददगार होती हैं।
NGO और सामुदायिक रेडियो का वर्षों से चल रहा सहयोग
श्री बाँके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी कई वर्षों से अपने सदस्यों के साथ मिलकर सामुदायिक रेडियो के माध्यम से महिला टीबी मरीजों को गोद लेने और उन्हें पोषण पोटली प्रदान करने का सतत कार्य करती आ रही है। साथ ही यह संस्था विश्वविद्यालय सामुदायिक रेडियो के साथ जुड़कर टीबी उन्मूलन और जागरूकता कार्यक्रमों में समय-समय पर सक्रिय भागीदारी करती रही है। समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाना, मरीजों को सहारा देना और सकारात्मक प्रेरणा पहुँचाना इस NGO और सामुदायिक रेडियो की संयुक्त सामाजिक भावना का केंद्र रहा है।
सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज़’ की निदेशिका प्रो अर्चना सिंह ने जानकारी दी की हमारे विश्वविद्यालय का रेडियो लगातार समाज में टीबी जागरूकता, पोषण, स्वास्थ्य सुधार, आर्थिक सशक्तिकरण और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इस रेडियो के माध्यम से टीबी चैंपियन्स की कहानियाँ, स्वास्थ्य विशेषज्ञों के संदेश तथा प्रेरक कार्यक्रम प्रसारित किए जाते हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग ‘निक्षय मित्र’ बनने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं। इस प्रयास में कई वर्षों से हमारे रेडियो को पूर्ण सहयोग आगरा मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव जी का रहा है और विश्वविद्यालय ने इस वर्ष रेडियो के माध्यम से ही 125 महिला टीबी पेशेंट को गीध लेकर पोषण पोटली वितरित की साथ ही समय समय पर उन्हें मानसिक संबल भी प्रदन किया जाता है और इस प्रयास की कुलाधीपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी कई बार इस कार्य की सरहाना की है.
रेडियो टीम की कार्यक्रम अधिशासी पूजा सक्सेना और इंजीनियर तरुण श्रीवास्तव ने टीबी समन्वयक कमल सिंह के माध्यम से सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पूर्व में कई जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।