आगरालीक्स…आगरा से 50 किमी दूर कोसमा में बना 46 हजार वर्ग फुट का विशाल अरिष्टनिवारक श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन नवग्रह मंदिर..
भगवान नेमीनाथ स्वामी और आचार्य विमल सागर जी महाराज के अतिशय क्षेत्र कोसमा (जलेसर) की पावन भूमि पर आचार्य चैत्य सागर जी महाराज के आशीर्वाद से 46 हजार वर्ग फुट के विशाल रमणीय परिसर में अरिष्टनिवारक श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन नवग्रह मंदिर के रूप में अलौकिक वात्सल्य नवोदय तीर्थ तैयार हो गया है। यहाँ पूज्य आचार्य चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में 21 नवंबर से पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महा महोत्सव का दिव्य आयोजन किया जाएगा..पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के संयोजक पूर्व पार्षद उमेश जैन 'नॉटी' ने बताया कि महोत्सव में कोलकाता के डॉ. आनंद प्रकाश शास्त्री प्रतिष्ठाचार्य की भूमिका का निर्वाह करेंगे। 21 से 27 नवंबर तक हर दिन सुबह 8:00 बजे से रात 7:00 बजे तक विभिन्न अनुष्ठान होंगे।
21 नवंबर को घट यात्रा एवं अन्य कार्यक्रम, 22 नवंबर को ध्वजारोहण पूर्वार्द्ध महायज्ञ, 23 नवंबर को गर्भकल्याणक उत्तरार्द्ध, 24 नवंबर को जन्म कल्याणक, 25 नवंबर को तप कल्याणक, 26 नवंबर को केवलज्ञान कल्याणक और 27 नवंबर को निर्वाण कल्याणक (रथ यात्रा) का दिव्य आयोजन किया जाएगा।