मथुरालीक्स…नई बाइक की खुशियां मौत में बदलीं. दो दोस्तों की एक्सीडेंट में दर्दनाक मौत
दो दोस्तों के बीच नई बाइक की खुशियां उनकी मौत में बदल गईं. आगरा—मथुरा हाइवे पर देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई. दो दिन पहले ही उन्होंने यह बाइक खरीदी थी और रात को बाइक से ही दवा लेकर वापस घर लौट रहे थे लेकिन हादसे ने इनके परिवार में कोहराम मचा दिया.मृतकों की पहचान 30 साल के रामकुमार निवासी फरह और शिव शंकर निवासी फरह के रूप में हुई. दोनों किराए के कमरों में रहते थे. शिव शंकर फरह में दीनदयाल धाम स्टेशन के फाटक पर गेटमैन के रूप में कार्यरत थे जबकि राजकुमार फरह ब्लॉक में उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक थे. दोनों के मकान पास में थे और दोनों में दोस्ती थी. शिव शंकर ने सोमवार को ही नई अपाचे बाइक खरीदी थी. इसी बाइक से दोनों दोस्त दवा लेने मथुरा गए थे. देर रात दवा लेकर वापस अपने घर के लिए जा रहे थे. रिफाइनरी क्षेत्र के बाद पुल के पास स्थित सीएनजी पंप पर पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.