आगरालीक्स.. आगरा के प्रथम नागरिक की सीट के लिए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राहुल चतुर्वेदी को सपा से मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया है। 19 साल से सपा में सक्रिय रूप से जुडे रहे राहुल चतुर्वेदी विवादों में नहीं रहे, तेज तर्रार नेता के साथ वे युवाओं के प्रिय हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद विपक्ष में रहते हुए सपा को लोगों की हमदर्दी मिल रही है, वैसे भी आगरा की तस्वीर बदलने के लिए पूर्व सीएम अखिलेश यादव पांच साल तक लगे रहे। ऐसे में मेयर की सीट पर ब्राहृमण और युवा प्रत्याशी उतारकर भाजपा और बसपा के लिए मुश्किल खडी कर दी है। नगर निगम के चुनाव उस समय हो रहे हैं जब जीएसटी से लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध होने लगा है। यह सपा के लिए नगर निगम चुनाव में मेयर की सीट पर काबिज होने का अच्छा मौका है।
एलएलबी कर चुके हैं राहुल चतुर्वेदी
एमए, एलएलबी राहुल चतुर्वेदी कारोबारी हैं, उ्र्रन्हें 1998 में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का शहर अध्यक्ष बनाया गया। उनके काम देखते हुए राहुल चतुर्वेदी को चार बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी। वर्ष 2005 में यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव बनाए गए। 2006 में शहर कोषाध्यक्ष के रूप में जुडे।
सोमवार को मंडलीय कार्यालय, कालिंदी विहार में बसपा ने मेयर पद पर दिगंबर सिंह धाकरे के चुनाव लडने की अधिकारिक घोषणा की, इसके बाद रात तक सपा ने भी मेयर पद पर स्थिति स्पष्ट कर दी, मेयर पद पर राहुल चतुर्वेदी को प्रत्याशी घोषित किया गया है, इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार को होगी। मगर, भाजपा ने अभी घोषणा नहीं की है, दो दावेदारों में से एक को टिकट मिलनी है, इसमें से पुरुषोत्तम खंडेलवाल और नवीन जैन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि भाजपा से मेयर पद के लिए 58 दावेदार सामने आए थे। कांग्रेस ने भी अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, रालोद ने लोचन चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
आगरा में मेयर के लिए 12. 52 लाख मतदाता वोट से चोट करेंगे, छह नवंबर तक नामांकन किया जा सकेगा। वहीं, 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
आगरा में पहले चरण में नगर निगम चुनाव हो रहा है, इसके लिए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सार्वजनिक सूचना निर्गत करेंगे, 29 से छह नवंबर तक नामांकन होगा, सात नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, नौ नवंबर को नाम वापसी और 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
13 निकायों के लिए चुनाव
आगरा में एक नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और सात नगर पंचायत के लिए चुनाव होगा, सबसे ज्यादा मतदाता 12 52 नगर निगम में हैं। इसके बाद नगर पंचायत फतेहपुर सीकरी में 26 हजार मतदाता हैं जबकि स्वामी बाग नगर पंचायत पर 1557 मतदाता हैं।
मेयर के लिए 20 लाख का खर्चा
इस बार मेयर पद के प्रत्याशी के लिए खर्चे की लिमिट 20 लाख की गई है, पार्षद दो लाख, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष छह लाख और नगर पालिका परिषद सदस्य डेढ लाख खर्चा कर सकेंगे। निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित की गई है।