आगरालीक्स…आगरा में शाहगंज की एक मिठाई की दुकान से 119 किलो मिल्क केक और 90 किलो डोडा बर्फी मिली खराब. एफएसडीए की टीम ने कराई नष्ट
आगरा में होली से पहले मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की जांच को एफएसडीए द्वारा अभियान चलाया जा रहा है. इसी को लेकर बुधवार को एफएसडीए की टीम ने शाहगंज के भोगीपुरा गुलाब नगर स्थित मां कमला फूड्स प्रतिष्ठान पर निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से डोडा बर्फी एवं मिल्क केक के दो नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए. जांच के दौरान मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर लगभग 119 किलोग्राम मिल्क केक (मूल्य ₹33,320/-) एवं 90 किलोग्राम डोडा बर्फी (मूल्य ₹27,000/-) को जनहित में उपयुक्त स्थान पर नष्ट कराया गया.इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न स्थानों से बालूशाही, तैयार छोले एवं बर्फी के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है तथा अनिल स्वीट्स, धिमश्री, आगरा के यहाँ से 25 किग्रा. बर्फी मूल्य लगभग 8750/- नष्ट करायी गयी. विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान निरंतर जारी है.