आगरालीक्स…होली पर लगातार चार दिन छुट्टियां. सीएम योगी के आदेश, 2, 3 और 4 मार्च को रहेगी होली की छुट्टी. स्कूलों को लेकर असमंजस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के पर्व को लेकर तीन दिन की छुट्टियों के आदेश दिए हैं. होली पर 2, 3 और 4 मार्च को अवकाश रहेगा तो वहीं एक मार्च को संडे है. ऐसे में लगातार चार दिन छुट्टियां मिलेंगी. हालांकि सीएम योगी ने कहा है कि 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित रहेगा. सीएम योगी ने चेतावनी दी है कि भुगतान और अवकाश संबंधी आदेशों के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने होली से पहले ही सभी राज्य कर्मचारियों, संविदाकर्मियों और सफाईकर्मियों को वेतन देने के निर्देश दिए हैं.स्कूलों को लेकर असमंजस
आगरा के स्कूलों में इस समय फाइनल एग्जाम या तो चल रहे हैं या फिर रिवीजन कराया जा रहा है. कई स्कूलों में 2 मार्च को एग्जाम भी प्रस्तावित है. ऐसे में आज आए सीएम योगी के आदेशों के बाद स्कूलों में असमंजस छा गया है. इस संबंध में अप्सा अध्यक्ष डॉ.सुशील गुप्ता का कहना है कि स्कूला में होली का अवकाश 3 से 5 मार्च तक का रखा गया है. कई स्कूलों में होली पर दो दिन यानी 3 मार्च और 4 मार्च को अवकाश है. 2 मार्च और 5 मार्च को एग्जाम निर्धारित है. अगर आगरा प्रशासन की ओर से कोई 2 मार्च को स्कूलों की छुट्टी का आदेश आता है तो उस हिसाब से परिवर्तन किया जाएगा.