आगरालीक्स…आगरा में जगह—जगह होली मिलन समारोह. अक्रूर वाटिका में सजा स्नेह का उत्सव तो श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल और सेवा भारती ने भी मनाया होली मिलन समारोह…

अक्रूर वाटिका में होली मिलन समारोह, गुलाल और गीतों संग स्नेह का उत्सव
फाल्गुन मास की मादक बयार और रंगों की उल्लासपूर्ण छटा के बीच श्री वार्ष्णेय सभा द्वारा सौंठ की मंडी स्थित अक्रूर वाटिका में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्यजनों एवं सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया। समारोह का शुभारंभ इंजी. विनय कुमार वार्ष्णेय, अध्यक्ष दाऊ दयाल गुप्ता, केएन गुप्ता, इंजी. नेमीचंद गुप्ता, डॉ. अशोक वार्ष्णेय, विनोद गुप्ता एवं डीसी वार्ष्णेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही वातावरण में मंगलकामनाओं और सामाजिक एकता का संदेश गूंज उठा। अंतर्राष्ट्रीय हास्य कवि लटूरी सिंह लट्ठ ने फागुनी हास्य की फुहार छोड़ी। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फाल्गुन के पारंपरिक गीतों और मधुर संगीत की धुन पर सभी ने नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। रंगों की बौछार, हंसी-ठिठोली और आपसी स्नेह ने पूरे परिसर को उल्लासमय बना दिया। ठंडाई और पारंपरिक व्यंजनों के साथ होली के इस पर्व का स्वाद और भी मधुर हो गया। अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का संचालन केएम गुप्ता ने किया।

रंग, नृत्य और आत्मीय मिलन की उमंग में सजा होली मिलन समारोह
फाल्गुन की मधुर बयार और रंगों की छटा के बीच श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पारिवारिक सौहार्द, सामाजिक एकता और उल्लास का प्रतीक बनकर उभरा, जहाँ रंग, नृत्य और संगीत की उमंग ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हृदयों को जोड़ने और समाज में प्रेम, समरसता एवं भाईचारे का संदेश देने का पावन अवसर है। कार्यक्रम में अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर पारस्परिक स्नेह और सद्भाव को बढ़ावा देना है। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, होली गीतों और नृत्य ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर महामंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, हेमंत मोहता, मनीष अग्रवाल, रोहित गोयल, कौशल बंसल, निर्भय मित्तल, आशीष गोयल, विशाल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मनीष गोयल, भोलानाथ अग्रवाल, संजय शर्मा, दिलीप भंडारी, संजीव रतन, रितु अग्रवाल, श्रुति बंसल, काजल, मोनिका, मधु, पायल, अनिल मित्तल, ऋषभ बंसल, अखिलेश आदि उपस्थित रहे।

सेवा भारती के होली स्नेह मिलन में छायी रंगों की बहार
सेवा भारती ब्रज प्रदेश (छावनी महानगर) के होली स्नेह मिलन व वार्षिकोत्सव समारोह में रंगों की बहार छायी थी। फूलों की महक और रंगों की खुशी हर चेहरे पर खिली थी। एक दूसरे को शुभकामनाएं दी और गुलाल लगाया। सभी लोगों को ईको फ्रेन्डली होली के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक जीएस धर्मेश ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नारायण एन्क्लेव में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष डॉ. प्रमोद मिश्रा व महामंत्री संजय सिंघल ने कहा कि होली अग्नि की उस पवित्रता का त्योहार है जिसमें सत्य और धर्म ही सुरक्षित रहता है। छल, कपट, अहंकार सब भस्म हो जाता है। सबी सदस्यों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। सेवा भारती द्वारा किए जा रहे वार्षिक कार्यों पर बी प्रकाश डाला। सभी अतिथियों का स्वागत माथे पर चंदन व गुलाल लगाकर किया गया। इस अवसर पर सेवा केन्द्र के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। होली के गीतों पर नृत्य हुआ तो बच्चों के साथ बड़े भी झूमने लगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश त्यागी, कोषाध्यक्ष ऋषि गुप्ता, झम्मन सिंह, हेमसिंह परिहार, मीरा कुशवाह, चंद्रकान्ता, डॉ. मंजु सिंघल, राजवीर सिंह, संरक्षक दिनेश बंसल, उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।