आगरालीक्स…आगरा में हेल्प आगरा ने डॉक्टरों को किया सम्मानित. संस्था के सेवा कार्यों के पेश किए आंकड़े. होली मिलन समारोह में बिखरी खुशियां…
हेल्प आगरा संस्था ने रविवार को संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन के अरतोनी स्थित एसके सेल्स कार्पोरेशन फार्म हाउस पर होली मिलन समारोह भव्यता व हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया। इस दौरान भारत और वेस्टइंडीज के मध्य महत्पूर्ण क्रिकेट मैच लाईव प्रसारण के लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई। सभी ने एक दूसरे को चन्दन का टीका लगाकर होली की शुभकामनाऐं दी।चाट -ठंडाई के साथ मैच का भी लुत्फ लिया। समारोह से पहले संस्था की आम सभा की बैठक भी सम्पन्न हुई।जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष राम सरन मित्तल तथा अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने हेल्प आगरा हॉस्पिटल के डाक्टर्स तथा संस्था को एम्बुलेंस भेंट करने वाले अभिनव भार्गव परिवार को मोमेंटो देकर तथा स्वागत पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया।
बैठक में संस्था के वर्तमान कार्यकाल के संख्यात्मक व आर्थिक सेवा आकड़े प्रस्तुत हुये। सभी ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत करते हुए संस्था की कार्यशैली ,सोच को सराहा। सीए दीपेन्द्र मोहन ने इस दौरान का आय व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया।महासचिव गौतम सेठ ने समाज को समर्पित संस्था की सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। जानकारी दी कि इस दौरान संस्था ने गरीब मरीज दवा, निशुल्क एम्बुलेंस तथा अन्नपूर्णा सेवा के रूप में 81लाख 82 हजार रूपये की निशुल्क तथा लागत मूल्य की सेवाओं पर 28करोड़ 81लाख 46 हजार का सीधा लाभ समाज को दिया। इसी प्रकार 2 करोड़ 81 लाख 67 हजार मरीजों की ओपीडी, 2 करोड़ 59 लाख 82 हजार मरीजों की डायलिसिस, 1 करोड़ 49लाख 11हजार एक्सरे, 82लाख 67 हजार अल्ट्रासाउंड तथा ,17 करोड़ 84 लाख की दोनों फार्मेसी से दवा सेवा संस्था की सेवाओं के उल्लेखनीय आंकड़े है। संचालन गौतम सेठ व मंत्री नितिन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल,मंत्री अमित मोरयानी , कोषाध्यक्ष नरेश जैन व नंदकिशोर गोयल आदि ने व्यवस्थाओं को संभाला।