आगरालीक्स Agra Local News: आगरा के इस्कॉन मंदिर, कमला नगर में चैतन्य महाप्रभु के प्रकाट्योत्सव पर पुष्पों से अभिषेक किया गया। चैतन्य महाप्रभु के प्रकाट्योत्सव पर बुधवार को गौर आविर्भाव महोत्सव कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजिन किया गया। चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य पर मंदिर में हर तरफ उत्सव और भक्तिभाव नजर आया। सुबह 4.30 बजे मंगला आरती के साथ ही भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व भाई बलराम का नई पोशाक धारण कराकर विशेष श्रंगार किया गया। पंचतत्व संग (श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु, प्रभु नित्यानंद, श्रीअद्वैत आचार्य, श्रीगदाधर पंडित, श्रीवास ठाकुर) चैतन्य महाप्रभु का विभिन्न पुष्पों से अभिषेक किया गया। इस अवसर पर छप्पन भोग व फूल बंगला का भी आयोजन किया गया। ( Agra Local News: Chaitanya Mahaprabhu Prakataya Utsav celebrate in Iskcon Agra, Video)
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने कहा कि युग धर्म का प्रचार करने अपने पार्षदों के साथ साक्षात श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु के रूप में धरती पर अवतरित हुए थे। भक्ति आंदोलन (नगर कीर्तन) के प्रणेता भी चैतन्य महाप्रभु ही थे। संध्या काल में चैतन्य महाप्रभु का मंत्रोच्चारण के साथ पुष्पों से अभिषेक किया गया। इसके उपरान्त मृदंग मंजीरों संग हरे राम हरे कृष्णा… कीर्तन करते श्रद्धालू भक्ति में डूबकर खूब नृत्य किया। हरिनाम संकीर्तन पर श्रीकृष्ण की भक्ति में हर भक्त झूमता नजर आया। चैतन्य महाप्रभु के पसंद के व्यंजन लॉकी की खीर, कटहल के बीज, चावल आदि का प्रसाद लगाया जाएगा। इस वसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजीव मल्होत्रा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय, अतिदि आदि मौजूद रहे।