आगरालीक्स…आगरा के ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में भगवान आदिनाथ जन्म महोत्सव पर निकली भव्य पालकी यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया अभिषेक-शांतिधारा
प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के पावन जन्म महोत्सव के शुभ अवसर पर ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर गुरुवार सुबह मंदिर परिसर से भगवान आदिनाथ को भव्य पालकी में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर पूरी ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर एवं पुष्प वर्षा कर पालकी यात्रा का भव्य स्वागत किया।
जय-जयकार और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए।पालकी यात्रा के पुनः मंदिर पहुंचने पर भगवान आदिनाथ का विधि-विधान से अभिषेक एवं शांतिधारा कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।इस पावन अवसर पर अमित जैन बॉबी,अतुल जैन,सनी जैन,आशीष जैन,नितिन जैन,अशोक जैन,दीपक जैन, अभिषेक जैन,पंकज जैन,अनुज जैन,विवेक जैन, राजकुमार जैन, सोनू जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ओल्ड ईदगाह कॉलोनी का समस्त महिला मंडल भी बड़ी संख्या में शामिल हुआ और पूरे आयोजन को सफल बनाया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धर्ममय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के जन्म महोत्सव को उत्साह, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया।