आगरालीक्स…दर्दनाक एक्सीडेंट, आगरा में महिला और उसकी दूधमुंही बेटी को ट्रक ने रौंदा. हादसा देख लोगों की निकल गई चीखें…
आगरा में दर्दनाक हादसा हुआ है. खेरागढ़—कागारौल पर बाइक सवार एक परिवार को ट्रक ने ओवरटेक करते हुए चपेट में ले लिया. बाइक पर बैठी महिला और उसकी मासूम बच्ची के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया. जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में बाइक सवार युवक चमत्कारिक रूप से बच गया. हादसा देख मौके पर लोगों की चीख निकल गई. आरोपी ट्रक चालक गाड़ी को छोड़कर भाग गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की है. राजस्थान के सैंपऊ में आशिक पुत्र कालीचरण रहता है. बुधवार शाम को वह अपनी पत्नी रजिया और अपनी एक साल की मासूम बेटी के साथ महुअर मलपुरा स्थित अपने मौसा के यहां एक शादी समारोह में जा रहा था. बाइक पर तीनों सवार थे. खेरागढ़—कागारौल रोड पर हेता के मंदिर के पास एक ट्रक ने इनकी बाइक को चपेट में ले लिया. लोगों के अनुसार खेरागढ़ की ओर से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और उसे 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. बाइक पर बैठी रजिया और उसकी एक साल की बेटी ट्रक की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. बाइक सवार आशिक चमत्कारिक रूप से बच गया. इधर आरोपी चालक भीड़ का फायदा उठाकर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला. अपनी पत्नी और बेटी की दुर्घटना में मौत से आशिक बेसुध हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.