आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा के पुलिस लाइन में शाम 6 बजे हवाई हमले का बजा सायरन. टोरंट ने आसपास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की बंद. सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज में हवाई हमले से बचाव, आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का किया गया अभ्यास।
पुलिस लाइन, आगरा स्थित ग्राउंड में रविवार को सिविल डिफेंस एयर रेड / ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में डीडीएमए, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य, टोरेंट पॉवर, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभागों की सहभागिता रही। शाम 6 बजे पुलिस लाइन स्थित नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा हवाई हमले से बचाव का सायरन (लंबी सीटी) बजाया गया। सायरन बजते ही टोरेंट पॉवर विभाग द्वारा मॉक ड्रिल के आस-पास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई तथा ग्राउंड स्थल पर उपस्थित नागरिक सुरक्षा विभाग के वॉलेंटियर, प्रतिभागियों द्वारा हमले से बचाव हेतु शेल्टर लिया गया।
शाम 06:06 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा हमले समाप्त होने का सायरन (छोटी-छोटी आवाज) बजाया गया कि खतरा टल गया। तत्पश्चात घायल व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाना, एनसीसी / एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा बचाव कार्य आदि का प्रदर्शन किया गया।खतरा टलने के बाद टोरेंट विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गयी, तदोपरांत स्थल पर हवाई हमलों से हुई आगजनी को बुझाया गया, घटना स्थल पर ही घायल लोगों को नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों एवं एनसीसी के कैडेटों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई और स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायल किए गए लोगों को एम्बुलेंस द्वारा निकटस्थ अस्पताल में ले जाए जाने का अभ्यास किया गया।मॉकड्रिल की अवधि में पुलिस विभाग द्वारा यातायात शांति एवं व्यवस्था का समायोजन किया गया।
गौरतलब है कि यह केवल एक तैयारी (रिहर्सल) मात्र था। आसपास के नागरिकों, रिहाइश क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही सूचित किया गया था कि किसी तरह के परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, यह सिर्फ मॉक ड्रिल है। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार, ए.सी.पी. अमीषा व प्रीता, सिविल डिफेंस के उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा मुनेश कुमार गुप्ता, सहायक उप नियंत्रक (व. वे.), नागरिक सुरक्षा गुलाम नबी, डिप्टी चीफ वार्डन, नागरिक सुरक्षा भूपेंद्र शिवहरे सहित फायर टीम,मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, पुलिस प्रशासन एवं अन्य लोग मौजूद रहे।