आगरालीक्स …Agra News: आगरा में कल से शुरू हो रही अग्निवीर भर्ती के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। 19 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल।
भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा कैंट में 01 अप्रैल 2026 से किया जाएगा। यह रैली मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। रैली में उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से लगभग 19,000 चयनित अभ्यर्थी भाग लेंगे। ये सभी अभ्यर्थी ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम उत्तीर्ण कर चुके हैं और अब शारीरिक, चिकित्सीय एवं दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे।
निर्धारित समय पर आएं अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र के अनुसार निर्धारित समय पर उपस्थित हों तथा सभी आवश्यक दस्तावेज़ साथ लेकर आएँ। रैली स्थल पर सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।
भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों एवं फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः योग्यता आधारित एवं पारदर्शी है। अभ्यर्थी केवल आधिकारिक Join Indian Army वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें या सेना भर्ती कार्यालय, आगरा से संपर्क करें।