आगरालीक्स…Agra News: वीडियो देखें आगरा के किनारी बाजार में तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम के गिरने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया, आस पास के लोगों को लगा जैसे भूकंप आ गया। ( Agra Live News: CCTV Footage of Three storey Building of Jewellery showroom collapse Kinnari Bazar Agra )
आगरा की सीताराम कॉलोनी बल्केश्वर के रहने वाले ज्वैलर रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम है। उनका चांदी की ज्वैलरी और बर्तन का काम है। उन्होंने पांच साल पहले तीन मंजिला बिल्डिंग ली थी, बिल्डिंग के पीछे मरम्मत का काम चल रहा था। गुरुवार को दिन में ज्वैलरी शोरूम खुला था, रात को शोरूम बंद कर वे अपने घर चले गए। रात करीब 11.45 बजे तेज धमाके की आवाज होने पर किनारी बाजार के आस पास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोग दहशत में आ गए, वे अपने घरों से बाहर निकल आए।
तीन मंजिला बिल्डिंग ढही, सड़क पर बिखरा पड़ा मलबा
ज्वैलर रिंकू बंसल की तीन मंजिला बिल्डिंग पूरी तरह से ढह गई, तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिरने के साथ ही पूरी सड़क पर मलबा बिखर गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ ही ज्वैलर रिंकू बंसल भी पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे में कोई व्यक्ति तो नहीं फंसा है इसके लिए कुछ देर रेस्क्यू आपरेशन भी चलाया लेकिन हादसा रात के समय हुआ था इसलिए किनारी बाजार बंद था और वहां कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। तीन मंजिला बिल्डिंग के गिरने के साथ उसके पास में स्थित पंजाब बूट हाउस सहित एक ज्वैलरी शोरूम को भी नुकसान पहुंचा है।
सीसीटीवी वीडियो सामने आया
तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम के गिरने का वीडियो भी सामने आया है, 10 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में एक लोडिंग वाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है इसके बाद तेज आवाज के साथ बिल्डिंग गिर जाती है। आस पास में रहने वाले लोगों को लगा कि भूकंप आ गया है वे अपने घरों से बाहर निकल आए। किनारी बाजार व्यस्त बाजार है यहां ज्वैलरी के शोरूम सहित अन्य दुकानों हैं। पुराना बाजार होने के कारण दिन में यहां लोगों की भीड़ रहती है। हादसा रात में हुआ इसलिए कोई जन हानि नहीं हुई है। किनारी बाजार में सैकड़ों साल पुरानी बिल्डिंग हैं, इनकी मरम्मत भी नहीं होती है।