आगरालीक्स…आगरा में शादी में वरमाला से पहले दूसरी महिला की एंट्री. पिछले दरवाजे से भागा दूल्हा. लव, ड्रामा और चौंकाने वाला खुलासा…
आगरा के एक मैरिज होम में उस समय हड़कंप मच गया जब शादी में वरमाला से पहले एक दूसरी महिला की एंट्री होती है. महिला को देखते ही दूल्हे के होश उड़ जाते हैं और वो पीछे के दरवाजे से भाग निकलता है. दूल्हे के भाग जाने और महिला के पुलिस के साथ आने से शादी में हड़कंप मच जाता है. पुलिस ने मौके से दूल्हे के भाई और पिता को हिरासत में लिया है. वहीं रात डेढ़ बजे थाना पुलिस की मौजूदगी में आपसी सुलह समझौता होने पर आज सुबह दुल्हन का विवाह उसकी बड़ी बहन के देवर संग करा दिया गया.जानिए क्या है मामला
मामला नगर की माॅडल सड़क बरहन रोड स्थित दुर्गा मैरिज होम का है. यहां एक शादी समारोह चल रहा था. लगुन सगाई होने के बाद यहां शादी की अन्य रस्में शुरू होने वाली थीं. रात 9 बजे घोड़ी और बैंड-बाजे वाले बारात चढ़ाई को तैयार खड़े थे. घराती-रिश्तेदारों की दावत चल रही थी. लेकिन तभी एक महिला यहां पुलिस के साथ पहुंंच गई. पुलिस को देखते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान महिला को देखते ही दूल्हा मैरिज होम के पिछले दरवाजे से भाग गया. पुलिस ने मौके से दूल्हे के तीन परिजनों को हिरासत में ले लिया. विवाह समारोह में खलल पड़ने पर नगर निवासी दुल्हन पक्ष सकते में आ गया.
जानकारी करने पर पता चला कि जो महिला पुलिस के साथ आई है वह दूल्हे के भाई की पत्नी है. पीड़िता ने बताया कि 2018 में उसकी शादी रिश्तेदारों के कहने पर दूल्हे के बड़े भाई के साथ की थी. शादी के दस दिन बाद पता चला कि उसका पति नामर्द है. इस पर सभी के समझाने पर देवर के साथ विवाह कर दिया. वर्तमान में वह दोनों नोएडा में रहते थे. जीतू वहां से दस दिन पूर्व बहनोई की तबियत खराब होने का बहाना बनाकर टूंडला आ गया था. कल महिला को किसी ने फोन कर बताया कि वह दूसरी शादी करने को बारात लेकर जा रहा है. इसके बाद वह परिजनों और पुलिस के साथ एत्मादपुर पहुंची.
बहन के देवर से हुई दुल्हन की शादी
इधर दूल्हे के भाग जाने और पुलिस के पहुंचने पर दुल्हन पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया.पुलिस ने दूल्हा पक्ष के साथ दुल्हन के विवाह में दिए जाने वाले सामान को मैरिज होम के एक कमरे में ताला लगाकर बंद कर दिया है. दुल्हन के परिजन ताला खोलने का इंतजार कर रहे हैं. इसके बाद रात्रि डेढ़ बजे दुल्हन पक्ष को तीन लाख रुपए वापस करने की रजामंदी पर आपसी सहमति बनने पर सभी मैरिज होम आ गए. इसके बाद दूसरे दूल्हा की तलाश की गई. रात ढाई बजे दुल्हन की बड़ी बहन की के देवर के साथ दुल्हन ने सात फेरे ले लिए.