आगरालीक्स…आगरा में विवि के 100वें स्थापना दिवस के लिए हो रहे मेगा आडिशन. सिंगिंग, म्यूजिक और डांस में प्रतिभागियों ने किया अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन…
डॉ . भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी के 100वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय शताब्दी समारोह के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मेगा ऑडिशन का आयोजन 20 एवं 21 मई को ललित कला संस्थान के ऑडिटोरियम में किया गया। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के वर्तमान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेगा ऑडिशन में गायन, वादन, नृत्य एवं नाट्य विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशानुसार एवं ललित कला संस्थान के निदेशक प्रो. संजय चौधरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। ऑडिशन में संगीत विभागाध्यक्ष पंडित देवाशीष, संगीत प्रवक्ता डॉ. वैशाली , वादन विशेषज्ञ डॉ. कल्याणी, नृत्य विशेषज्ञ डॉ. नीरजा तथा नाट्य विधा के लिए नाटककार रोहित ने प्रतिभागियों का चयन किया। आयोजन में विश्वविद्यालय एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ मथुरा एवं आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में युवा प्रतिभाएं पहुंचीं। पहले दिन कुल 96 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया। आयोजन समिति के अनुसार 21 मई को प्रातः 11 बजे से ललित कला संस्थान, संस्कृति भवन परिसर, सिविल लाइन, बाग फरजाना में ऑडिशन एवं पंजीकरण का अंतिम दिवस आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के व्यवस्थापक पुरषोत्तम मयूरा रहे. डॉ. मनोज, दीपक कुलश्रेष्ठ , विद्यार्थी संयोजक समृद्धि, माधव एवं भानु ने सहयोग किया विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताते हुए कहा कि शताब्दी समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक समृद्धि एवं कलात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।