आगरालीक्स आगरा में देवोत्थान से शादियों में बैंड बाजा बारात की धूम, एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर बरात निकालने पर रोक। दुल्हन के घरवाले शगुन का लिफाफा संभाल कर रखें।
आगरा में कल यानी 20 नवंबर से देवोत्थान एकादशी के साथ ही सहालग शुरू हो रहा है। फतेहाबाद रोड के मैरिज होम में सबसे ज्यादा लोग पहुंचते हैं इसमें से अधिकांश अपने वाहनों से जाते हैं इससे फतेहाबाद मार्ग पर जाम लगता है। आगरा पुलिस ने सहालग में जाम ना लगे इसके लिए तैयारी की है। फतेहाबाद रोड पर बरात निकालने पर रोक रहेगी इसके साथ ही एमजी रोड पर भी बरात नहीं निकाली जा सकेगी, एमजी रोड पर भी वाहनों का दबाव अधिक रहता है और मेट्रो के काम के चलते जाम के हालात रहते हैं।
कट भी किए जाएंगे बंद, नो एंट्री में भी बदलाव
जिस जिन का बड़ा सहालग होगा यानी ज्यादा शादी होंगी उस दिन पुलिस द्वारा नो एंट्री के समय में भी बदलाव किया जाएगा। इसके साथ ही फतेहाबाद रोड के कई कट भी बंद किए जाएंगे, जिससे मैरिज होम तक जाने और वहां से लौटने में लोग जाम में ना फंसे।
मैरिज होम में चोरी की रोकथाम के लिए भी पुलिस अलर्ट
बड़े मैरिज होम के साथ ही होटल में आयोजित शादी समारोह में दुल्हन के घरवालों के शगुन के लिफाफे की चोरी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। इससे बचने के लिए आगरा पुलिस ने अपील की है कि शगुन के लिफाफे को संभाल कर रखें, संदिग्ध व्यक्ति की सूचना पुलिस को दे सकते हैं।