आगरालीक्स…आगरा में 20 केंद्रों पर 21 जून को होगी नीट की परीक्षा. 9688 बच्चे देंगे परीक्षा. डीएम ने परीक्षा को लेकर बैठक में जारी किए दिशा निर्देश. एडमिट कार्ड दिखाने पर रोडवेज में लगेगा आधा किराया
आगामी 21 जून को नीट 2026 की परीक्षा है. आगरा के 20 केंद्रों पर यह परीक्षा होगी और इसमें 9688 बच्चे परीक्षा देंगे. परीक्षा निष्पक्ष हो इसके लिए बुधवार को डीएम मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई. डीएम ने नीट परीक्षा 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. बैठक में बताया गया कि शहर में नीट परीक्षा हेतु 20 एग्जाम सेंटर बनाये गए हैं जिसमें 9688 बच्चों द्वारा परीक्षा में सहभागिता की जाएगी.जिलाधिकारी ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू संचालित रखने, टेंपो एसोसिएशन से वार्ता कर टेंपो रिक्शा आदि द्वारा बच्चों तथा उनके अभिभावकों को उचित प्रस्तावित किराया ही लेने, ओवरेटिंग की शिकायत मिलने पर वाहन जब्त करने, संबंधित एआरटीओ, एसीपी ट्रैफिक को इस हेतु प्रभावी व्यवस्था करने, सराय एक्ट में पंजीकृत सभी होटल एसोसिएशन के साथ वार्ता कर सभी संबंधित को ओवररेटिंग न करने हेतु हिदायत देने, गुणवत्तापूर्ण खाना आदि प्रदान करने के निर्देश दिए. सभी बड़े परीक्षा केंद्रों के बाहर भी शीतल पेयजल, छाया की व्यवस्था करने, आगरा रेलवे स्टेशन पर भी उचित स्थान,बच्चों को फेसिलटेड करने अपने अधीनस्थ स्टाफ को भी इस हेतु सेंसिटाइज करने के निर्देश दिए.
बैठक में बताया गया कि परीक्षा में शामिल होने वाले बच्चों हेतु रोडवेज द्वारा एडमिट कार्ड दिखाए जाने पर आधा किराया की छूट दी जाएगी। जिलाधिकारी ने यूथ हॉस्टल में भी बच्चों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने को संबंधित को निर्देशित किया गया. बैठक में बताया गया कि 02 बजे से 05 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी,11 बजे से:30 बजे तक छात्र छात्राओं का परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश कराया जाएगा.