आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा कल. 1,540 सीटों के लिए 3,800 अभ्यर्थी होंगे शामिल, विश्वविद्यालय परिसर बने 10 केंद्रों पर होंगी व्यवस्थाएं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा का आयोजन 20 जून (शनिवार) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा। विश्वविद्यालय की लगभग 1,540 पीएचडी सीटों के लिए करीब 3,800 अभ्यर्थी 54 विषयों में प्रवेश हेतु परीक्षा में सम्मिलित होंगे। कुलपति प्रो. आशु रानी ने परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. बी. पी. सिंह ने परीक्षा प्रक्रिया, नियमों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में प्रामाणिक जानकारी प्रदान की। बताया गया कि परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें 30 प्रश्न रिसर्च मेथडोलॉजी एवं जनरल एप्टीट्यूड से तथा 70 प्रश्न संबंधित विषय से होंगे। परीक्षा में किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।अभ्यर्थियों की सुविधा एवं परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय के चार परिसरों में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। खंदारी परिसर में इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस, आईईटी, सेठ पदम चंद जैन संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ होम साइंस, दाऊ दयाल इंस्टीट्यूट तथा स्कूल ऑफ लाइफ साइंस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पालीवाल परिसर में इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस एवं केएमआई, छलेसर परिसर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस कैंपस तथा सिविल लाइंस स्थित संस्कृति भवन में भी परीक्षा आयोजित होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचने का आग्रह किया है। प्रवेश पत्र पर वही फोटो लगाना अनिवार्य होगा जो ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड की गई थी। साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा मतदाता पहचान पत्र जैसे मूल पहचान पत्र साथ लाना आवश्यक होगा। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, टैबलेट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।