आगरालीक्स…आगरा के युवान एग्रो गोट फार्म को मिला ‘बेस्ट प्रोग्रेसिव गोट फार्मर अवार्ड’. उत्तर प्रदेश स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव-2026 में किया गया सम्मानित
उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय उत्तर प्रदेश स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव-2026 में आगरा स्थित युवान एग्रो गोट फार्म को बकरी पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं किसानों के सशक्तिकरण के लिए ‘बेस्ट प्रोग्रेसिव गोट फार्मर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान फार्म द्वारा वैज्ञानिक बकरी पालन, उन्नत नस्ल विकास, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मुकेश कुमार मेश्राम (आईएएस), विशेष सचिव श्री देवेंद्र पांडेय (आईएएस) तथा स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ श्री मनोज कुमार सिंह (आईएएस) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। युवान एग्रो गोट फार्म के निदेशक डी.के. सिंह ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम और सहयोगी किसानों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवान एग्रो का उद्देश्य आधुनिक बकरी पालन तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों ने युवान एग्रो गोट फार्म और उसके निदेशक डी.के. सिंह को शुभकामनाएं दीं।