यूपीलीक्स…14 मई को शादी, 4 जून को नई नवेली पत्नी मार्केट से हो गई लापता. परेशान पति ने फंदा लगाकर दी जान…यूपी के एटा से दर्दनाक खबर
यूपी के एटा जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है. कोतवाली नगर क्षेत्र के सकीट रोड स्थित जगन्नाथपुरी में रहने वाले 22 साल के एक युवक दीपक ने शुक्रवार की रात को फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. आज सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो मातम छा गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने बताया कि मृतक दीपक की शादी 14 मई को कासगंज के सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव बकावली में रहने वाली चांदनी से हुई थी.4 जून को लापता हो गई चांदनी
परिजनों ने बताया कि दीपक और चांदनी की शादी काफी धूमधाम के साथ की गई थी. सब खुश थे लेकिन शादी के 20 दिन बाद 4 जून को चांदनी अपनी चाची बबली के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन बाजार में ही वह लापता हो गई. बबली ने इसकी जानकारी दीपक सहित घर पर दी. इसके बाद दीपक और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. चांदनी के मायके में भी जानकारी की लेकिन वहां भी वह नहीं मिली.
पत्नी के गायब हो जाने से दीपक मानसिक तनाव में आ गया. उसने पत्नी की गुमशुदगी कोतवाली नगर में भी दर्ज कराई. आरोप है कि ससुराली पक्ष दीपक पर लगातार चांदनी को खोजकर लाने का दबाव बना रहे थे. जिससे वह काफी परेशान हो गया था. शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे खाना खाकर दीपक छत पर बने अपने कमरे में चला गया. इस दौरान उसकी ससुरालियों से भी बात हुई. तनाव के चलते उसने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी. शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मामले की जांच की जा रही है.