आगरालीक्स…आगरा में 22 निर्माणों को एडीए ने किया सील. एक अनाधिकृत कॉलोनी पर भी चला एडीए का बुलडोजर
आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से लगातार बिना नक्शा पास निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है तो वहीं अनाधिकृत कॉलोनियों व निर्माणों को ध्वस्त किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को भी एडीए ने अवैध निर्माणों पर बड़ा अभियान चलाया. ताजगंज प्रथम वार्ड में 22 निर्माणों को सील किया गया तो वहीं एक अनाधिकृत कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया.एडीए के अनुसार नौबरी रोड स्थित प्राची गार्डन में संजय अग्रवाल द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के 22 भवनों का निर्माण कराया जा रहा था. सूचना मिलने पर प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और 22 भवनों को सील किया गया. वहीं बाद पुल के पास गुरु कृपा स्कूल के निकट मौजा बाद में गोपाल सोलंकी द्वारा लगभग 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी. यहां बिना ले आउट पास कराए प्लाटिंग कर सड़कें और नाली का निर्माण किया जा रहा था. प्राधिकरण की जेसीबी ने इसे ध्वस्त कर दिया.