आगरालीक्स…अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक. पवित्र गुफा की ओर नहीं बढ़ सकेंगे श्रद्धालु. जानें क्यों लिया गया यह फैसला
अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है. मौसम विभाग द्वारा खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद श्री अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई 2026 से दोनों मार्गों पहलगाम और बालटाल से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है. तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने शनिवार को इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है. इस वजह से रविवार 19 जुलाई से बालटाल और पहलगाम दोनों ही बेस कैंपों से किसी भी श्रद्धालु को पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. अधिकारियों के अनुसार यह निलंबन पूरी तरह से एक ऐहतियाती कदम है. मौसम साफ होने और पूरे यात्रा मार्ग की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा करने के बाद ही यात्रा दोबारा बहाल करने का फैसला लिया जाएगा. उन्होंने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए दिशा निर्देशों का पालन करें. बता दें कि मौजूदा अमरनाथ यात्रा में अब तक 3.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं.