आगरालीक्स …Agra News: आगरा में कई साल बाद कोरोना की दस्तक, 55 साल की महिला में कोरोना की पुष्टि। होम आइसोलेट किया गया है।
आगरा में कई साल बाद कोरोना का नया केस मिला है। एसएन मेडिकल कॉलेज में छीपीटोला की निवासी 77 साल की मरीज को खांसी और सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती किया गया था। मरीज की कोरोना की जांच कराई गई, इसके साथ ही मरीज के साथ अस्पताल में उनकी 55 साल की पुत्रवधू भी थी। टीम ने मरीज के साथ ही उनकी पुत्रवधू, बेटे सहित छह लोगों के सैंपल लिए। सैंपल की एसएन की माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोराना की जांच कराई गई।
बुजुर्ग मरीज की रिपोर्ट निगेटिव, पुत्रवधू कोरोना पॉजिटिव
एसएन की माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोरोना की जांच की गई। एसएन इमरजेंसी में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती बुजुर्ग मरीज की कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि उनकी पुत्रवधू की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार, मरीज में कोई लक्षण नहीं हैं। इसलिए 55 साल की कोरोना संक्रमित मरीज को होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रखेगी, दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कांटेक्ट ट्रेसिंग के साथ लक्षण आने पर कराई जाएगी जांच
महिला मरीज के संपर्क में आए लोगों में बुखार सहित अन्य लक्षण मिलने पर जांच कराई जाएगी। मरीज एक निजी अस्पताल में और उसके बाद एसएन में बुजुर्ग महिला मरीज के साथ रहीं हैं यहां भी किसी को बुखार, गले में दर्द, सांस लेने में परेशानी की समस्या मिलती है तो उनकी भी जांच कराई जाएगी।
घबराएं नहीं, ठीक हो रहा है कोरोना
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतें, लेकिन घबराएं नहीं। सरकारी अस्पताल में इलाज और जांच की सुविधा उपलब्ध है।